दुर्ग @ Durg जिले में लंबित वारंटों के निराकरण और अपराध नियंत्रण के लिए चलाए गए विशेष अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक Vijay Agrawal के निर्देश पर समस्त राजपत्रित अधिकारियों के नेतृत्व में जिलेभर में कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर 88 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस टीमों ने वारंटियों के निवास स्थानों और संभावित ठिकानों पर दबिश देकर प्रभावी तामीली की। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ न्यायालयीन प्रक्रिया अनुसार वैधानिक कार्यवाही की गई।
थाना अनुसार गिरफ्तारी में सुपेला से 14, मोहन नगर से 9, भिलाई नगर से 8, जामुल से 7, अंजोरा, पद्मनाभपुर और नंदिनी से 6-6 वारंटी गिरफ्तार किए गए। इसके अलावा अन्य थाना क्षेत्रों में भी लगातार कार्रवाई की गई।
दुर्ग पुलिस ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और लंबित वारंटों के निराकरण के लिए यह अभियान वर्षभर लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई में राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों, वारंटी तामीली टीमों और थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।

Facebook Conversations