दुर्ग। छत्तीसगढ़ पुलिस के निर्देश पर 15 अगस्त से 02 अक्टूबर तक चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान के तहत दुर्ग जिले में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
अभियान के तहत जिले के भिलाई नगर, पुलगांव, वैशाली नगर, मोहन नगर, भिलाई भट्टी और नेवई थाना क्षेत्रों में स्थित स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों में साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और नागरिकों को साइबर अपराध के नए तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि साइबर अपराधी फोन कॉल, फर्जी मैसेज, संदिग्ध लिंक और अन्य डिजिटल माध्यमों से नागरिकों को भ्रमित कर उनकी गोपनीय बैंकिंग जानकारी हासिल कर आर्थिक ठगी को अंजाम देते हैं।
इस दौरान लोगों से अपील की गई कि वे अपना ओटीपी, एटीएम पिन, यूपीआई पिन, पासवर्ड तथा बैंक से जुड़ी कोई भी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। साथ ही अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक से बचने और किसी भी अनजान व्यक्ति को अपना फोटो, वीडियो या पहचान पत्र शेयर न करने की समझाइश दी गई।
पुलिस ने बताया कि यदि किसी के साथ साइबर ठगी की घटना होती है तो तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क कर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Facebook Conversations