दुर्ग के वैशाली नगर थाना क्षेत्र के रामनगर मोहल्ले में पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर धारदार हथियार से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना 26 सितंबर 2026 की रात करीब 9:30 बजे की है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और घटना में इस्तेमाल धारदार हथियार भी जब्त किया है।
पुलिस के मुताबिक, घायल शिवांशकर रामनगर मोहल्ले के पास बैठा था। इसी दौरान टेकचंद साहू उर्फ सोनू और विशाल सिंह वहां पहुंचे। दोनों ने पुरानी रंजिश को लेकर उसके साथ गाली-गलौज और विवाद शुरू कर दिया। विवाद बढ़ने पर आरोप है कि टेकचंद साहू उर्फ सोनू ने जान से मारने की धमकी देते हुए धारदार हथियार से शिवांशकर के पेट पर वार कर दिया।
हमले में युवक घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन उसे उपचार के लिए सुपेला अस्पताल लेकर पहुंचे। प्रार्थी की रिपोर्ट पर वैशाली नगर थाने में अपराध क्रमांक 364/2026 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ और विवेचना के दौरान आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल धारदार हथियार बरामद कर जब्त किया गया। इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में टेकचंद साहू उर्फ सोनू (24 वर्ष) निवासी रामनगर और विशाल सिंह (31 वर्ष) निवासी कुरूद शामिल हैं। मामले में BNS की संबंधित धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि पुरानी रंजिश या किसी भी विवाद की स्थिति में कानून हाथ में न लें और घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Facebook Conversations