दुर्ग शहर में अपराधों पर नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने सोमवार तड़के बड़ा कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग के निर्देशन में नगर पुलिस अधीक्षक यदुमणि सिदार और पुलिस अनुविभागीय अधिकारी पाटन अनूप लकड़ा के नेतृत्व में थाना मोहन नगर और थाना सिटी कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने सुबह 4 बजे से 8 बजे तक अलग-अलग इलाकों में सर्च अभियान चलाया। इस दौरान करीब 100 पुलिस जवान अभियान में शामिल रहे।
पुलिस ने ग्रीन चौक, टिपरापारा, हरणा बांधा और तकिया पारा क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों, मकानों और आदतन अपराधियों के ठिकानों की सघन तलाशी ली। अभियान के दौरान कई लोगों से पूछताछ की गई और उनके दस्तावेजों की जांच भी की गई। पुलिस की इस अचानक कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया।
सर्च अभियान के दौरान ग्रीन चौक निवासी विकास यादव उर्फ लासा (21 वर्ष) और प्रशांत उर्फ बालू को हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार और मादक पदार्थ बरामद किए गए। पुलिस ने एक तलवार, धारदार हथियार, गुप्ती, अवैध गांजा और एक संदिग्ध मोटरसाइकिल जब्त की है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी विकास यादव उर्फ लासा के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है, जबकि प्रशांत उर्फ बालू के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसके अलावा संदिग्ध मोटरसाइकिल को लेकर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत भी जांच और वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
दुर्ग पुलिस ने बताया कि शहर में अपराधों की रोकथाम और असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण के लिए इस तरह के कॉम्बिंग गश्त अभियान लगातार चलाए जाएंगे। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, अवैध हथियार या मादक पदार्थों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। इस अभियान में थाना मोहन नगर, सिटी कोतवाली पुलिस, पेट्रोलिंग स्टाफ और अन्य अधिकारियों की सराहनीय भूमिका रही।

Facebook Conversations