दुर्ग में स्ट्रीट लाइट सुधारने के लिए 15 लाख रुपये की सामग्री खरीदी, दीपावली से पहले व्यवस्था दुरुस्त करने की तैयारी
त्वरित खबरें : भूमिका रिपोर्टिंग

दुर्ग। दीपावली से पहले शहर की बंद और खराब स्ट्रीट लाइटों को सुधारने के लिए नगर पालिक निगम दुर्ग ने 15 लाख रुपये की सामग्री खरीदी है। निगम के विद्युत विभाग ने यह जानकारी उस खबर के जवाब में दी है, जिसमें 23 करोड़ रुपये से अधिक का बजट होने के बावजूद एक हजार से ज्यादा स्ट्रीट लाइट बंद होने की बात कही गई थी।

नगर निगम ने स्पष्ट किया कि विद्युत संधारण के लिए 23 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित नहीं है। निर्धारित बजट से बिजली व्यवस्था के संचालन, रखरखाव, सुधार, बिजली बिल और आवश्यक सामग्री की खरीदी सहित विभिन्न कार्य किए जाते हैं।

निगम के अनुसार, शहर में प्रकाश व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए पार्षद निधि और महापौर निधि से भी स्ट्रीट लाइट खरीदी गई हैं। वहीं, विधायक निधि से करीब 40 लाख रुपये की स्ट्रीट लाइटें खरीदी गई हैं। इसके अलावा 15वें वित्त आयोग के तहत 50 लाख रुपये की लागत से ट्यूबलर पोल खरीदकर अलग-अलग स्थानों पर लगाए जा रहे हैं।

दीपावली को देखते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को खराब स्ट्रीट लाइटों की पहचान कर प्राथमिकता से सुधार करने के निर्देश दिए गए हैं। निगम का कहना है कि शहर के विभिन्न वार्डों में प्रकाश व्यवस्था की निगरानी की जा रही है, ताकि नागरिकों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

नगर निगम का दावा है कि दीपावली से पहले बंद और खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations