दोस्त निकला कातिल: शराब पीने के बाद दोस्त की हत्या की, फिर हादसे का रूप देने बिस्तर में रख दिया मरा कोबरा सांप, ऐसे खुला राज
त्वरित खबरे :
14 जुलाई 2022
भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के मिसरोद इलाके में बस ड्राइवर की मर्डर मिस्ट्री का चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. उसे सांप ने नहीं काटा था, बल्कि दोस्त ने ही मार डाला. पुलिस को गुमराह करने के लिए आरोपी ने दोस्त के बिस्तर के पास मरा हुआ कोबरा रख दिया था. जांच में सामने आया है कि ड्राइवर के मुंह और नाक में कपड़ा ठूंसकर उसकी हत्या की गई है.Image

आशंका जताई जा रही है कि शराब पीने के दौरान दोस्तों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ होगा. इसका बदला लेने के लिए उसकी हत्या कर दी गई. एडीशनल DCP राजेश सिंह भदौरिया ने बताया कि चांदबाड़ी बस्ती पिपलानी निवासी नवल सिंह उर्फ भारत स्कूल बस का ड्राइवर था. 8 जुलाई की रात उसने बागसेवनिया शराब दुकान में अपने 3 दोस्तों के साथ शराब पार्टी की. दो दोस्त घर चले गए.

देर रात होने की वजह से उसके दोस्त संदीप बाघमारे ने कहा कि मेरे घर में सो जाओ. नवल उसके साथ चला गया. अगले दिन सुबह संदीप ने पुलिस को सूचना दी कि नवल की मौत हो गई है. उसने हार्ट अटैक की आशंका जताई. पुलिस मौके पर पहुंची तो नवल के बिस्तर के नीचे मरा हुआ कोबरा सांप मिला. पुलिस को लगा कि सांप के काटने से उसकी मौत हुई होगी.

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मंगलवार देर शाम आई पीएम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि दम घुटने से नवल की मौत हुई है. उसके मुंह-नाक में कपड़ा रखा गया होगा, जो मौत की वजह बनी. पुलिस संदीप समेत सभी दोस्तों से पूछताछ कर रही है. पुलिस जल्द ही गिरफ्तारी कर सकती है.

YOUR REACTION?

Facebook Conversations