दुर्ग-भिलाई में तड़के सुबह पुलिस का विशेष चेकिंग अभियान, 200 जवानों ने की जांच; 2 वारंटी गिरफ्तार
त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

दुर्ग। जिले में अपराधों की रोकथाम और कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए दुर्ग पुलिस ने 28 अक्टूबर की तड़के सुबह दुर्ग, भिलाई नगर और छावनी अनुविभाग में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस टीमों ने बस्तियों में घर-घर जाकर रहवासियों से पूछताछ की और उनके रिकॉर्ड की जांच की। अभियान में करीब 200 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।

तीन स्थानों पर चलाया गया अभियान

पुलिस के अनुसार, यह अभियान रायपुर नाका स्थित उड़िया बस्ती, पद्मनाभपुर और सुपेला व खुर्सीपार क्षेत्र के अटल आवास में चलाया गया। कार्रवाई का नेतृत्व तीन राजपत्रित पुलिस अधिकारियों ने किया। इसमें संबंधित थानों और चौकियों के पुलिस बल के साथ एएनटीएफ, एसीसीयू, यातायात पुलिस तथा रक्षित केंद्र दुर्ग के जवान भी शामिल रहे।

अटल आवास से दो स्थायी वारंटी गिरफ्तार

चेकिंग के दौरान खुर्सीपार स्थित अटल आवास देवार बस्ती से दो स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार कर वारंट तामील किए गए। पुलिस ने क्षेत्र के रहवासियों से पूछताछ करने के साथ संदिग्ध व्यक्तियों की जांच भी की। संदिग्धों के संबंध में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

नशे और अवैध हथियारों पर नजर

दुर्ग पुलिस ने बताया कि अभियान का उद्देश्य मादक पदार्थों, अवैध हथियारों, संदिग्ध वस्तुओं और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे लोगों की जांच करना है। इसके साथ ही फरार वारंटियों की धरपकड़ और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखकर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना भी अभियान का प्रमुख लक्ष्य है।

पुलिस ने नागरिकों से की अपील

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपने आसपास होने वाली संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस चौकी को देने की अपील की है। पुलिस ने नागरिकों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने और किसी भी गैरकानूनी गतिविधि को बढ़ावा नहीं देने की बात कही है।

दुर्ग पुलिस का कहना है कि अपराध नियंत्रण और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए इस तरह के अभियान चलाए जा रहे हैं।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations