DJ बजाने के विवाद में खूनी संघर्ष, 14 आरोपी गिरफ्तार
त्वरित खबरें :- नेहा साहू रिपोर्टिंग

बिलासपुर। मस्तूरी थाना क्षेत्र के गतौरा जनकपहरी में गणेश पंडाल में DJ बजाने को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद और मारपीट में एक युवक की मौत हो गई। मामले में मस्तूरी पुलिस और ACCU की टीम ने कार्रवाई करते हुए 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को भी हिरासत में लिया गया है। इस तरह मामले में कुल 14 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।

पुलिस के मुताबिक घटना 20 सितंबर की रात करीब 10:30 बजे की है। गणेश पंडाल के पास विवाद और गाली-गलौज की आवाज सुनकर लोग मौके पर पहुंचे। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने एक राय होकर लाठी-डंडे, फरसा, कुल्हाड़ी, छुरी और अन्य धारदार हथियारों से हमला कर दिया।

मारपीट में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने शैलेष कुमार राठौर उर्फ राज को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अन्य घायलों का उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही मस्तूरी पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और ACCU की टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। कार्रवाई के दौरान बोधीराम राठौर समेत 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों द्वारा घटना में शामिल होना स्वीकार करने की बात पुलिस ने कही है।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल डंडा, लोहे की छुरी और लोहे की कुल्हाड़ी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों को 21 सितंबर को गिरफ्तार कर मंगलवार को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। वहीं, एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में बोधीराम राठौर, संतोष राठौर, दिलीप कुमार राठौर, दीपक कुमार राठौर, आकाश राठौर, शंकर राठौर उर्फ नंदू, आकाश राठौर उर्फ मोनू, सूरज कुमार राठौर, रोहित कुमार राठौर, सुनील उर्फ राजा राठौर, प्रकाश उर्फ लालू राठौर, रवि कुमार राठौर और आयुष राठौर शामिल हैं।

पुलिस मामले में घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations