धमतरी: शैक्षिक शिविर के समापन समारोह में SDM ने बढ़ाया विद्यार्थियों का उत्साह
त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

धमतरी, परिक्षेत्र साहू समाज तर्रागोंदी द्वारा विद्यार्थियों के शैक्षणिक और करियर विकास के उद्देश्य से शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला सिलौटी में 1 मई से आयोजित निःशुल्क शैक्षिक एवं करियर मार्गदर्शन शिविर का शुक्रवार को भव्य समापन हुआ। 29 दिनों तक चले इस शिविर के समापन समारोह में कुरुद के अनुविभागीय अधिकारी (SDM) Nabh Singh Koshle मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

समारोह को संबोधित करते हुए एसडीएम नभ सिंह कोशले ने विद्यार्थियों को जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए अनुशासन, एकाग्रता और निरंतर मेहनत का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राएं केवल परीक्षा तक सीमित न रहें, बल्कि बड़े लक्ष्य निर्धारित कर आईएएस, डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक, जज, सैनिक और पायलट बनकर देश और समाज की सेवा करें। उन्होंने विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं, ओलम्पियाड और मॉडल प्रदर्शनियों में भाग लेने के लिए भी प्रेरित किया।

संवाद सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने करियर निर्माण से जुड़े अनेक सवाल पूछे, जिनका एसडीएम ने सरल और व्यावहारिक तरीके से जवाब दिया। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए स्पष्ट लक्ष्य तय करना जरूरी है और असफलताओं या गलतियों से घबराने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने समूह अध्ययन की आदत विकसित करने पर भी जोर दिया।

सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी को लेकर उन्होंने बताया कि कक्षा 6वीं से 12वीं तक के विषयों की मजबूत समझ भविष्य में काफी मददगार साबित होती है। वहीं मेडिकल क्षेत्र में करियर बनाने वाले विद्यार्थियों को नीट परीक्षा के पैटर्न और तैयारी की रणनीति की जानकारी दी गई। उन्होंने एनडीए के माध्यम से सेना और वायुसेना में जाने की प्रक्रिया भी विस्तार से समझाई।

शिविर के समापन अवसर पर उत्कृष्ट योगदान देने वाले पांच स्वयंसेवी शिक्षकों को डायरी और पेन भेंटकर सम्मानित किया गया। वहीं पूरे शिविर में भाग लेने वाले सभी 80 छात्र-छात्राओं को भी पेन प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

इस अवसर पर साहू समाज के जिलाध्यक्ष गणेशराम साहू, तहसील अध्यक्ष कामता राम साहू, बीआरसीसी कुलेश्वर सिन्हा, प्राचार्य एम.के. ठाकुर सहित समाज के अनेक पदाधिकारी, शिक्षक, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations