बालोद,। सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वच्छता ही सेवा अभियान को लेकर पीएम श्री स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल डौंडी में स्वच्छता जागरूकता एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार नगर पंचायत डौंडी द्वारा आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। सभी ने अपने घर, स्कूल और आसपास के सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने के साथ ही दूसरों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
इस दौरान विद्यार्थियों को स्वच्छता के महत्व की जानकारी देते हुए बताया गया कि स्वच्छता केवल किसी अभियान तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वस्थ और सुंदर समाज के निर्माण की सामूहिक जिम्मेदारी है। बच्चों से कचरा इधर-उधर नहीं फेंकने, गीले और सूखे कचरे को अलग रखने तथा सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता बनाए रखने की अपील की गई।
नगर पंचायत डौंडी ने ‘स्वच्छ डौंडी-सुंदर डौंडी’ का संदेश देते हुए नागरिकों से स्वच्छता गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी की अपील की। विद्यार्थियों ने भी स्वच्छता का संदेश अपने परिवार और आसपास के लोगों तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में नगर पंचायत के जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता, जिम्मेदारी और सामाजिक सहभागिता की भावना को मजबूत करना रहा।
‘सेवा के रंग’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बैठक कल
वहीं सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत प्रस्तावित ‘सेवा के रंग’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर 29 सितंबर को सुबह 11 बजे जिला कार्यालय के सभाकक्ष में बैठक होगी। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों, आवश्यक व्यवस्थाओं और विभिन्न विभागों की सहभागिता को लेकर चर्चा की जाएगी। संबंधित अधिकारियों को पूरी जानकारी और आवश्यक तैयारियों के साथ बैठक में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।

Facebook Conversations