छत्तीसगढ़ में 3 दिन बाद बदलेगा मौसम का मिजाज, आज इन इलाकों में होगी बारिश
त्वरित ख़बरें - दीपमाला शेट्टी रिपोर्टिंग

रायपुर. छत्तीसगढ़ के अधिकतर इलाकों में गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर रखा है. घरों में दिन और रात के वक्त कूलर-एसी चल रहे हैं. इस बीच मौसम विभाग ने राहत भरा अपडेट दिया है. तीन दिन बाद मौसम में परिवर्तन की संभावना जताई है. फिलहाल तब तक तापमान में वृद्धि का दौर जारी रहने के आसार हैं.

पिछले 24 घंटों के दौरान दक्षिण छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है. इस दौरान राजधानी रायपुर में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो शनिवार की तुलना में अधिक रहा. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है.

मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि एक पश्चिमी विक्षोभ 54 डिग्री पूर्व और 25 डिग्री उत्तर में स्थित है. लद्दाख और उससे लगे कश्मीर के उपर मौजूद है. इन वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के चलते हवा के पैटर्न में बदलाव हुआ है. प्रदेश में आज कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा और गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है. वहीं कुछ जगहों पर गरज चमक के साथ अंधड़ चलने और वज्रपात होने की भी संभावना बनी हुई है.

कुछ जिलों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली, अचानक तेज हवा (30-40 KMPH) और वर्षा की संभावना जताई है. इन इलाकों में येलो अलर्ट जारी किया गया है.

रायपुर में आज का मौसम

मौसम विभाग के अनुसार राजधानी रायपुर में आज आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है. राजधानीवासियों को आज भी गर्मी परेशान कर सकती है. अधिकतम तापमान 42°C और न्यूनतम तापमान 29°C के आसपास रहने की संभावना जताई गई है.

YOUR REACTION?

Facebook Conversations