छत्तीसगढ़ दौरे पर आए राहुल गांधी को भाजपाइयों ने काले झंडे दिखाए
त्वरित ख़बरें - काफिले के करीब पहुंचे भाजपाई, बड़ी तादाद में किसान सड़क पर , किसानों ने किया पैदल मार्च

छत्तीसगढ़ दौरे पर आए राहुल गांधी को भाजपाइयों ने काले झंडे दिखाए। पुलिस की तमाम तैयारियों को धता बताते हुए भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ता राहुल के काफिले के पास पहुंचने में कामयाब रहे। रिंग रोड वाले हाईवे पर राहुल गांधी का काफिला जब साइंस कॉलेज की तरफ बढ़ रहा था, तभी अशोका मिलेनियम के पास सड़क की दूसरी ओर से भागते हुए भाजपा कार्यकर्ता आए। सड़क के एक तरफ राहुल गांधी का काफिला गुजर रहा था, दूसरी तरफ भाजपा के नेता हाथों में काला झंडा लिए नारेबाजी कर रहे थे।

यह सब देखकर सड़क पर तैनात पुलिस कर्मी भागकर पहुंचा और भाजपाइयों को सड़क पार करने से रोका। राहुल गांधी के काफिले को सुरक्षा के लिहाज से फॉलो कर रहा छत्तीसगढ़ पुलिस जवानों का एक दस्ता फौरन कार से पहुंचा और भाजपा नेताओं को दबोचा गया। पुलिस के साथ भाजपा नेताओं की झूमाझटकी भी हुई। इसमें एक कार्यकर्ता शर्ट भी फट गई, मगर वो नारेबाजी करता रहा। इन सभी प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया गया।

विरोध में शामिल ये सभी कार्यकर्ता अलग-अलग रास्तों से हाइवे पर पहुंचे और जैसे ही राहुल गांधी का काफिला गुजरा, इन्होंने विरोध शुरू कर दिया। अब भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अमित साहू, जिला अध्यक्ष गोविंदा गुप्ता, अमित मैशेरी, उमेश घोरमोड़े समेत दर्जनों नेता पुलिस की हिरासत में हैं। इन्हें शहर से दूर- दराज के थानों में रखा गया है। भारतीय जनता युवा मोर्चा ने राहुल गांधी को काले झंडे दिखाने का ऐलान किया था।

किसानों का पैदल मार्च

नवा रायपुर में पिछले महीने से धरना प्रदर्शन कर रहे किसानों ने राहुल गांधी से वक्त मांगा था। इसके लिए किसानों ने कांग्रेस नेताओं से संपर्क किया था। वक्त नहीं मिला तो किसान सड़कों पर उतर आए। इधर रायपुर में साइंस कॉलेज ग्राउंड में राहुल गांधी छत्तीसगढ़ के विकास मॉडल को देख रहे थे।

दूसरी तरफ नवा रायपुर में पैदल मार्च करते हुए रायपुर की ओर बढ़ रहे थे। पुलिस ने इन्हें रोकने के लिए बैरीकेडिंग कर रखी है। ये सभी किसान नवा रायपुर बसाने के लिए ली गई जमीन का अधिक मुआवजा, रोजगार और नवा रायपुर इलाके में अपनी जमीनों को खरीदने-बेचने पर लगे प्रतिबंध को हटवाना चाहते हैं।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations