रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी नवा रायपुर अटल नगर में अब देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में शामिल NMIMS (Narsee Monjee Institute of Management Studies) का बड़ा कैंपस आकार लेने जा रहा है। इस कैंपस को प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने सोशल मीडिया के जरिए इसकी जानकारी साझा करते हुए इसे छत्तीसगढ़ को एजुकेशन हब बनाने की दिशा में बड़ा कदम बताया है।
जानकारी के मुताबिक, नवा रायपुर के सेक्टर-18 में करीब 40 एकड़ जमीन पर NMIMS का आधुनिक कैंपस विकसित किया जाएगा। इसके लिए भूमि का रजिस्ट्रेशन और 90 साल की लीज प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। राज्य सरकार के अनुसार, पूरे कैंपस को विकसित करने का लक्ष्य करीब सात साल रखा गया है, जबकि पहला अकादमिक बैच दो से तीन साल के भीतर शुरू करने की तैयारी है।
KG से PG तक पढ़ाई की सुविधा
इस कैंपस की खास बात यह होगी कि यहां KG से लेकर PG स्तर तक शिक्षा उपलब्ध कराने की योजना है। यानी विद्यार्थियों को स्कूली शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा और प्रोफेशनल कोर्स तक एक ही बड़े शैक्षणिक परिसर में पढ़ाई का अवसर मिल सकेगा। इससे छत्तीसगढ़ के विद्यार्थियों को उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा के लिए दूसरे बड़े शहरों की ओर जाने की जरूरत कम हो सकती है।
करीब 10 हजार विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ
पूरी तरह विकसित होने के बाद NMIMS का नवा रायपुर कैंपस करीब 10 हजार विद्यार्थियों की क्षमता वाला संस्थान बनने की उम्मीद है। यहां मैनेजमेंट, स्किल डेवलपमेंट और आधुनिक रोजगारपरक शिक्षा से जुड़े कार्यक्रमों को बढ़ावा मिलने की संभावना है। साथ ही संस्थान के आने से विद्यार्थियों, शिक्षकों और उद्योग जगत के बीच बेहतर तालमेल, रिसर्च, इनोवेशन और रोजगार के नए अवसर विकसित होने की उम्मीद है।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने इसे छत्तीसगढ़ के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि राज्य सरकार के प्रयासों से प्रतिष्ठित संस्थान को नवा रायपुर लाने में सफलता मिली है। सरकार का उद्देश्य नवा रायपुर को आने वाले समय में एजुकेशन और नॉलेज हब के रूप में विकसित करना है।

Facebook Conversations