रायपुर , छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। दिन के समय ही नहीं, बल्कि रात में भी लोग कूलर और एसी का सहारा ले रहे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है, बल्कि तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 48 घंटों में तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। विभाग ने बताया कि वर्तमान मौसम में हो रहे बदलावों का कारण पश्चिमी विक्षोभ और विभिन्न द्रोणिकाएं हैं।
बीते 24 घंटों के भीतर कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई है, जबकि उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में लू चली है। सोमवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो पूरे राज्य में सबसे अधिक था। वहीं, न्यूनतम तापमान 23.1 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने जानकारी दी कि एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पाकिस्तान और उसके आसपास के क्षेत्र में 3.1 से 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक फैला हुआ है। साथ ही एक पूर्व-पश्चिम दिशा में फैली द्रोणिका उत्तर-पश्चिमी राजस्थान से पूर्वी बांग्लादेश तक पहुंच रही है, जो हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश, झारखंड और गंगा के मैदानों से होकर गुजर रही है। यह द्रोणिका समुद्र तल से लगभग 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है।
इसके अलावा एक उत्तर-दक्षिण दिशा में फैली द्रोणिका उत्तर छत्तीसगढ़ से तमिलनाडु के मन्नार की खाड़ी तक तेलंगाना और रायलसीमा होते हुए करीब 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैली हुई है।
राज्य के अधिकांश हिस्सों में आज का मौसम शुष्क रहने की संभावना है। उत्तर-पश्चिमी हवाओं के असर के चलते मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ में तापमान बढ़ सकता है। इस कारण से उत्तर छत्तीसगढ़ और उसके समीपवर्ती जिलों में लू चलने के आसार हैं, जबकि मध्य छत्तीसगढ़ में लू जैसे हालात बन सकते हैं।
गर्मी का दौर अगले 5 दिन और रहेगा प्रभावी
मध्य छत्तीसगढ़ में आगामी 5 दिनों तक अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में अगले 4 दिनों तक लू की स्थिति बन सकती है। वहीं, 23 से 25 अप्रैल के बीच मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में लू चलने की आशंका जताई गई है।
रायपुर का आज का मौसम पूर्वानुमान
राजधानी रायपुर में आज आसमान पूरी तरह साफ रहने की उम्मीद है। अधिकतम तापमान लगभग 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

Facebook Conversations