रायपुर। आप सांसद संजय सिंह के ‘छत्तीसगढ़ सरकार के हाईजैक’ वाले बयान के बाद प्रदेश की सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस विधायक अटल श्रीवास्तव ने संजय सिंह के बयान का समर्थन करते हुए भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा।
अटल श्रीवास्तव ने छत्तीसगढ़ सरकार को ‘कठपुतली सरकार’ करार देते हुए कहा कि केंद्र में नीतियां बनती हैं और प्रदेश में उनका केवल इंप्लीमेंटेशन किया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि उद्योगपतियों के हितों के अनुसार विधेयक पास किए जा रहे हैं।
अटल प्रतिमा में दरार पर BJP को घेरा
कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा में दरार आने के मामले को लेकर भी भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार की स्थिति इतनी गंभीर है कि भाजपा अपने ही नेता की प्रतिमा के निर्माण में भी कथित तौर पर भ्रष्टाचार से नहीं बच पाई।
उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी छत्तीसगढ़ के निर्माता रहे हैं, लेकिन भाजपा अपने ही पितृ पुरुष का सम्मान नहीं कर पा रही है।
‘बीजेपी सिर्फ प्रोपेगेंडा करना चाहती है’
बस्तर में तिरंगा यात्रा अभियान को लेकर अटल श्रीवास्तव ने कहा कि वहां पहले से ही तिरंगा फहराया जाता रहा है। उन्होंने कहा कि पहले जगदलपुर एक जिला था, लेकिन अब बस्तर संभाग में सात जिले हैं। उन्होंने भाजपा पर सिर्फ प्रोपेगेंडा करने का आरोप लगाया।
बस्तर में 20 साल तक सिर्फ विकास हो: अटल
अटल श्रीवास्तव ने कहा कि अगले 20 साल तक बस्तर में सिर्फ विकास पर ध्यान दिया जाना चाहिए। वहां बेहतर अस्पताल, स्कूल और अन्य बुनियादी सुविधाएं विकसित की जानी चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि बस्तर में 20 साल तक किसी तरह का खनन नहीं होना चाहिए। अटल श्रीवास्तव ने कहा कि यदि इस संबंध में कोई प्रस्ताव लाया जाता है तो वे उसका समर्थन करेंगे।
इस बयान के बाद छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक बार फिर आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज होने की संभावना है।

Facebook Conversations