बस्तर के 180 से अधिक शिक्षण संस्थान होंगे तंबाकू मुक्त
त्वरित ख़बरें - 14 नवम्बर तक तम्बाकू मुक्त संस्थान बनाने को चलाया जाएगा अभियान

बस्तर के 180 से अधिक शिक्षण संस्थान होंगे तंबाकू मुक्त

जगदलपुर 2 नवम्बर। राष्ट्रीय तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के स्कूलों को तम्बाकू मुक्त संस्थान बनाने की कार्ययोजना बनायी जा रही है। इसके द्वारा  बस्तर के 180 से अधिक स्कूलों में विद्यार्थियों में धूम्रपान एवं तंबाकू सेवन की बढ़ती लत को कम करने में सहायता मिलेगी। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त सचिव,  द्वारा  जारी पत्र के अनुसार सभी शिक्षण संस्थानों को 14 नवंबर 2021 तक तम्बाकू मुक्त बनाने के लिए अभियान चलाया जाना है ।

तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम के जिला नोडल अधिकारी सह जिला सीएमएचओ डॉ.डी राजन ने बताया, " नवम्बर माह के प्रथम सप्ताह में जिले में तंबाकू मुक्त शिक्षण संस्थान अभियान के सफलतापूर्ण संचालन के लिए शिक्षकों हेतु प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित होंगे। प्रशिक्षण में आने वाले शिक्षकों को स्कूल परिसर के अंदर व बाहर 100 मीटर के दायरे में तंबाकू की बिक्री व सेवन करने वालों पर अंकुश लगाने के लिए नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी दी जाएगी। प्रशिक्षण कार्यक्रम में शिक्षकों को तंबाकू व अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाली प्राण घातक बीमारियों के बारे में बताया जाएगा साथ ही तम्बाकू की लत युवाओं को कैसे लगती है तथा उन्हें इस लत से कैसे बचाया जाए इस पर विस्तार से जानकारी दी जाएगी। राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत 14 नवंबर तक बाल दिवस के मौके पर टूबैको फ्री संस्थान बनाने के इस लक्ष्य की प्राप्ति करना है। इसके लिये जिले में डॉ.महेश मिश्रा को सहायक नोडल अधिकारी का कार्य सौंपा गया है।"

प्रशिक्षण के सम्बंध में उन्होंने जानकारी देते हुए बताया, “महारानी अस्पताल परिसर में स्थित गुण्डाधुर सभागार में शिक्षकों के लिये प्रशिक्षण कार्यक्रम होंगे जिसमें राज्य द्वारा निर्देशित नौ इंडीकेटर्स के बारे में बताया जाएगा। स्कूलों में नोडल अधिकारी बनाए गए शिक्षकों द्वारा ऐसे बच्चों की पहचान कर नशामुक्ति के लिए प्रेरित किया जाएगा ताकि बच्चों में बुरी आदतें खत्म हो सके।“

तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम के मनोवैज्ञानिक सलाहकार उमाशंकर साहू ने तंबाकू के उपयोग से होने वाले रोग एवं उनके लक्षणों के बारे में संक्षिप्त जानकारी देते हुए बताया, “तम्बाकू के सेवन से हमें फेफड़ों का कैंसर ,लीवर का कैंसर, डायबिटीज का खतरा बढ़ जाता है। हृदय रोग, ब्रेस्ट कैंसर, गले में पेट में अल्सर, नींद कम आना, हार्ट अटैक, लकवा, हाई बीपी की समस्या और टीबी रोग होने की संभावना सामान्य व्यक्ति की अपेक्षा 3 गुना बढ़ जाती है।"

YOUR REACTION?

Facebook Conversations