बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में शुक्रवार रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर विवादित कमेंट को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। विवाद बढ़ने के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। घटना को देखते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में धारा 144 लागू कर दी है।
हथियार लेकर चलने और भीड़ जुटाने पर रोक
जिला प्रशासन के आदेश के अनुसार सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर तलवार, चाकू, लाठी, भाला समेत अन्य हथियार लेकर चलने पर प्रतिबंध रहेगा। हालांकि शासकीय ड्यूटी पर तैनात कर्मियों, लाठी के सहारे चलने वाले वृद्ध-दिव्यांग और धार्मिक परंपरा के तहत कृपाण रखने वालों को छूट दी गई है।
बिना अनुमति सभा, रैली, जुलूस, धरना, प्रदर्शन और हड़ताल आयोजित करने पर भी रोक रहेगी। किसी स्थान पर 4 से अधिक लोगों के एकत्र होने की अनुमति नहीं होगी। परिवार के सदस्यों के सामान्य आवागमन पर यह प्रतिबंध लागू नहीं होगा। किसी आयोजन के लिए एसडीएम से अनुमति लेना अनिवार्य होगा।
तोड़फोड़ और सड़क जाम पर भी सख्ती
प्रशासन ने सरकारी या निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, तोड़फोड़ करने, सड़क जाम करने और लोगों में दहशत फैलाने जैसी गतिविधियों पर भी रोक लगाई है। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ BNS की धारा 223 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
इंस्टाग्राम कमेंट को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में किए गए विवादित कमेंट को लेकर मामला शुरू हुआ। इसके बाद सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में दो पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति को देखते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह समेत पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस-प्रशासन ने संभाला मोर्चा
मौके पर विधायक सुशांत शुक्ला समेत स्थानीय नागरिक भी थाने पहुंचे। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने बैठक कर स्थिति का जायजा लिया। इसके साथ ही युवकों को समझाइश देकर माहौल शांत कराने का प्रयास किया जा रहा है।

Facebook Conversations