भिलाई : सांसद विजय बघेल ने सेक्टर-9 अस्पताल का किया निरीक्षण, चिकित्सा सुविधाओं की सराहना कर पुतले पर सीखा CPR...
त्वरित ख़बरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

 दुर्ग : सांसद विजय बघेल ने सेक्टर-9 अस्पताल का किया दौरा, बोले- डॉ. उदय के आने से बदली अस्पताल की तस्वीर

 भिलाई। दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल गुरुवार को भिलाई के जवाहरलाल नेहरू अस्पताल एवं अनुसंधान केन्द्र, सेक्टर-9 पहुंचे। उन्होंने अस्पताल की चिकित्सा सुविधाओं, व्यवस्थाओं और मरीजों के लिए की गई नई पहल का बारीकी से निरीक्षण किया।

अस्पताल के एचओडी डॉ. उदय ने सांसद को पूरे अस्पताल का भ्रमण कराते हुए बताया कि मरीजों और उनके परिजनों को किसी भी विभाग को ढूंढने में परेशानी न हो, इसके लिए हर जगह दिशा-सूचक तीर लगाए गए हैं। कैजुअल्टी से लेकर ओपीडी तक आसानी से पहुंचा जा सकता है। मरीजों के बैठने के लिए भी नई व्यवस्था की गई है।

निरीक्षण के दौरान सांसद ने अस्पताल में फर्स्ट एड, दवाइयों की उपलब्धता और आपातकालीन सेवाओं की जानकारी ली। इस दौरान डॉ. उदय ने पुतले पर सीपीआर देने की पूरी प्रक्रिया समझाई। उन्होंने बताया कि सांस रुकने पर तुरंत सीपीआर देकर जान बचाई जा सकती है। सांसद विजय बघेल ने खुद पुतले पर सीपीआर का अभ्यास किया।

सांसद बघेल ने कहा कि मैं खुद 19 साल तक बीएसपी का कर्मचारी रहा हूं, इस अस्पताल से मेरा पुराना नाता है। डॉ. उदय के आने के बाद अस्पताल में काफी सकारात्मक बदलाव हुए हैं। व्यवस्थाएं बेहतर हुई हैं और मरीजों को अच्छी सुविधा मिल रही है।

उन्होंने अस्पताल परिसर में बनाए गए सेल्फी जोन का भी अवलोकन किया और पूरी मेडिकल टीम को बेहतर कार्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस दौरान सीएमओ डॉ. पांडा, डॉ. सुनील, डॉ. गुंजन सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक और स्टाफ मौजूद रहे।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations