भिलाई में 15 ग्राम चिट्टा के साथ युवक गिरफ्तार, दुर्ग पुलिस ने ₹3.70 लाख का माल किया जब्त
त्वरित खबरें :अमित रिपोर्टिंग

दुर्ग/भिलाई। दुर्ग पुलिस ने नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 3.70 लाख रुपये मूल्य की चिट्टा और घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार, स्मृतिनगर पुलिस चौकी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति जुनवानी से खम्हरिया की ओर प्रतिबंधित मादक पदार्थ बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम खम्हरिया में घेराबंदी कर संदेही को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से दो पैकेटों में कुल 15 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 3.40 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। कुल जब्त संपत्ति का मूल्य करीब 3.70 लाख रुपये आंका गया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान हर्ष देव सिंह विज (21 वर्ष), निवासी शांतिनगर, भिलाई के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 1133/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(ख) में मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी अवैध आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से चिट्टा अपने कब्जे में रखकर उसकी बिक्री के लिए संभावित ग्राहकों की तलाश कर रहा था।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी नशे या मादक पदार्थों की अवैध बिक्री की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी तथा नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations