भिलाई की एक महिला से तंत्र-मंत्र, पूजा-पाठ, निवेश और सरकारी नौकरी का झांसा देकर करीब 85 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने महिला को कभी जिन्न और प्रेत बाधा का डर दिखाया तो कभी खुद को पुलिस कार्रवाई में फंसा बताकर पैसे ऐंठता रहा। मामले में भिलाई नगर कोतवाली पुलिस ने जबलपुर निवासी पवन बधौलिया के खिलाफ धोखाधड़ी और धमकी समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता संगीता कश्यप के अनुसार, नवंबर 2023 में रायपुर में एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान उनकी मुलाकात पवन बधौलिया से हुई थी। बातचीत के दौरान उन्होंने अपनी पारिवारिक समस्याओं का जिक्र किया, जिस पर आरोपी ने विशेष पूजा-पाठ और तंत्र-मंत्र के जरिए समस्याएं दूर करने का दावा किया। इसके बाद आरोपी लगातार फोन कर ग्रह दोष, प्रेत बाधा और जिन्न का डर दिखाकर पूजा के नाम पर पैसे मांगने लगा।
महिला का आरोप है कि आरोपी ने यह तक कहा कि यदि विशेष पूजा नहीं कराई गई तो उनके पति का एक्सीडेंट हो सकता है। इस बहाने उसने डेढ़ लाख रुपए लिए। बाद में महिला के पति की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई, जिसके बाद आरोपी ने उनके डर और मानसिक स्थिति का फायदा उठाकर और अधिक रकम वसूल ली।
आरोपी ने महिला के बेटे को भी अपने जाल में फंसा लिया और शेयर बाजार व ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश पर भारी मुनाफे का लालच देकर लाखों रुपए ट्रांसफर करवा लिए। उसने दावा किया कि निवेश से करोड़ों का लाभ होगा और पूरी रकम ब्याज सहित लौटा दी जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी कभी खुद को कोलकाता जेल में बंद बताता था तो कभी मां के इलाज, पिता की मृत्यु या अन्य आपात स्थितियों का बहाना बनाकर पैसे मांगता था। एक बार उसने फोन कर खुद को मुंबई क्राइम ब्रांच की गिरफ्त में बताया और पुलिस से छुड़ाने के नाम पर लाखों रुपए मांगे। डर के कारण महिला ने किश्तों में 5 लाख रुपए और भेज दिए।
जब महिला और उसके बेटे ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने व्हाट्सएप पर अपने हाथ की नस काटने की तस्वीर भेजकर मानसिक दबाव बनाने की कोशिश की। इसके बाद उसने सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर फर्जी नियुक्ति पत्र और जॉइनिंग लेटर दिखाए तथा लाखों रुपए और वसूल लिए।
पुलिस के अनुसार, महिला से कुल करीब 85 लाख रुपए की ठगी किए जाने की शिकायत मिली है। मामले की जांच जारी है और आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस आर्थिक लेन-देन, बैंक खातों और अन्य दस्तावेजों की भी जांच कर रही है।

Facebook Conversations