बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के बेरला थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध गांजा परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 1 किलो 78 ग्राम गांजा, बाइक, मोबाइल और नकदी सहित कुल 86,900 रुपये की सामग्री जब्त की गई है।
पुलिस के मुताबिक, 21 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक मोटरसाइकिल में गांजा छिपाकर खर्रा की ओर आ रहा है। सूचना के आधार पर साइबर सेल और बेरला पुलिस की संयुक्त टीम ने चुरैलिन दाई मंदिर के पास नहर पार रास्ते पर नाकेबंदी की। इस दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को पकड़कर तलाशी ली गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहन साहू (29 वर्ष), निवासी खर्रा, थाना बेरला, जिला बेमेतरा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 12 हजार रुपये का गांजा, 50 हजार रुपये की मोटरसाइकिल, 15 हजार रुपये का मोबाइल और 9,900 रुपये नकद जब्त किए हैं।
आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल के निर्देशन में की गई। पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और परिवहन के खिलाफ अभियान जारी रखने की बात कही है

Facebook Conversations