बालोद, 03 अगस्त 2026। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित वृक्षारोपण महाअभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को पौधरोपण प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के लिए पौधरोपण को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए सभी अधिकारी-कर्मचारियों के योगदान की सराहना की।
कलेक्टर ने कहा कि जिले में 30 जुलाई को आयोजित महतारी वंदन वृक्षारोपण अभियान को सफल बनाने में प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी रही। इसी सामूहिक प्रयास के परिणामस्वरूप बालोद जिले में 2 लाख 72 हजार 483 लोगों द्वारा पौधरोपण कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की गई।
सम्मान समारोह में पौधरोपण करने वाले संयुक्त जिला कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कलेक्टर ने कहा कि ऐसे अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ समाज में प्रकृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी प्रभावी माध्यम हैं।
कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक, अजय किशोर लकरा, नूतन कंवर, संयुक्त कलेक्टर मधुहर्ष, राजस्व अनुविभागीय अधिकारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Facebook Conversations