बालोद, 10 अगस्त 2026। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने जिले में पूरी निष्ठा, लगन और तत्परता से कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को 15 अगस्त के मुख्य समारोह में सम्मानित करने के निर्देश दिए।
स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह जिला मुख्यालय स्थित स्व. सरयु प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रदेश के स्कूली शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव मुख्य अतिथि होंगे। कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को अपने-अपने कार्यालयों में ध्वजारोहण के बाद जिला मुख्यालय में पदस्थ अधिकारी-कर्मचारियों की स्टेडियम में निर्धारित समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में कार्यक्रम स्थल पर मंच, पहुंच मार्ग, वीआईपी दीर्घा, शहीद परिवारों और पत्रकारों के लिए दीर्घा सहित अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों को देशभक्ति, भारतीय संस्कृति और समारोह की गरिमा के अनुरूप आयोजित करने के निर्देश दिए। स्वतंत्रता दिवस समारोह का अंतिम अभ्यास 13 अगस्त को सुबह 8:30 बजे किया जाएगा।
कलेक्टर ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के शहीदों के परिजनों को सम्मानपूर्वक समारोह में लाने और कार्यक्रम के बाद उन्हें घर पहुंचाने की व्यवस्था करने को कहा। वहीं 14 अगस्त की सुबह स्वतंत्रता दौड़ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जिला मुख्यालय में पदस्थ सभी अधिकारी-कर्मचारियों को अनिवार्य रूप से शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में अन्य प्रशासनिक कार्यों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए। गुरूर विकासखंड के ग्राम धनोरा में नवनिर्मित समूह जल प्रदाय योजना के तहत शामिल 27 गांवों का अधिकारियों को निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अलावा आयुष्मान कार्ड निर्माण, सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान और नशा मुक्ति अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई। स्कूल परिसरों के 100 मीटर के दायरे में नशीले पदार्थों की बिक्री पर पूर्ण रोक लगाने तथा नशा मुक्ति के लिए नियमित जागरूकता रैली और अन्य गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ, अपर कलेक्टर, संयुक्त कलेक्टर, एसडीएम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Facebook Conversations