बालोद में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक: सड़क हादसों की रोकथाम, घुमंतू मवेशियों और यातायात नियमों पर सख्ती के निर्देश...
त्वरित ख़बरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

बालोद, 10 अगस्त 2026। जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्टर  दिव्या उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए किए जा रहे उपायों की विभागवार समीक्षा की गई और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने सड़कों पर विचरण करने वाले घुमंतू मवेशियों की समस्या के समाधान के लिए पुलिस, प्रशासन, पशुपालन और नगरीय निकायों को समन्वय से काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने पशुओं के गले में रेडियम पट्टी लगाने, घुमंतू एवं पालतू पशुओं की इयर टैगिंग करने तथा जिला मुख्यालय में तांदुला नदी के पास बने गौठान में घुमंतू मवेशियों को रखने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान और हेलमेट के अनिवार्य उपयोग को लेकर भी चर्चा हुई। कलेक्टर ने अधिकारियों को जागरूकता अभियान को नियमित रूप से चलाने और आम लोगों को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही बालोद शहर में आवश्यक स्थानों पर नो पार्किंग के बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए गए।

पुलिस अधीक्षक  किरण गंगाराम चव्हाण ने बताया कि शराब पीकर वाहन चलाने, तेज गति से वाहन चलाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमित कार्रवाई की जा रही है। नाबालिग वाहन चालकों पर भी कार्रवाई की जा रही है।

बैठक में राजस्व, पुलिस, लोक निर्माण विभाग और प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों को संयुक्त जांच अभियान चलाकर यातायात नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। बैठक में अपर कलेक्टर, एडीशनल एसपी, एसडीएम, एसडीओपी, तहसीलदार, थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations