बालोद और बेमेतरा कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, बढ़ाई गई सुरक्षा व्यवस्था
त्वरित खबरें - रुची सिंह रिपोर्टिंग

बालोद/बेमेतरा-छत्तीसगढ़ में सोमवार को बालोद और बेमेतरा जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। धमकी मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस तुरंत अलर्ट हो गए और दोनों कोर्ट परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।

जानकारी के अनुसार अदालतों को यह धमकी ई-मेल के जरिए भेजी गई थी। संदेश में कोर्ट परिसर को विस्फोट से उड़ाने की बात लिखी गई थी। जैसे ही यह सूचना न्यायालय प्रशासन को मिली, तुरंत पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को खबर दी गई। इसके बाद एहतियात के तौर पर कोर्ट परिसर में मौजूद लोगों को बाहर निकाला गया और पूरे इलाके की सघन जांच शुरू कर दी गई।घटना की जानकारी मिलते ही बम निरोधक दस्ता (Bomb Squad) और डॉग स्क्वॉड को मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने कोर्ट परिसर के अंदर और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया। साथ ही संदिग्ध वस्तुओं की जांच की गई और आने-जाने वाले लोगों की कड़ी जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर टीम ई-मेल के स्रोत की जांच कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि धमकी देने वाला व्यक्ति कौन है और मेल किस जगह से भेजा गया। फिलहाल किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु मिलने की सूचना नहीं है।गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों में छत्तीसगढ़ के कई न्यायालयों को इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं। इससे पहले भी प्रदेश के कुछ जिला कोर्ट और उच्च न्यायालय को धमकी भरे ई-मेल मिले थे, हालांकि बाद में कई मामलों में ये धमकियां फर्जी साबित हुई थीं।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations