पति और पत्नी के बीच विवाद हुआ. मामला गंभीर था, सो अमेरिका में रहने के दौरान ही दोनों के बीच तलाक हो गया. संपत्ति का भी बंटवारा भी करा दिया गया. लेकिन इसके बाद भी मामला शांत नहीं हुआ. तलाक के दो साल बाद बहू ने अपने पूर्व ससुर के खिलाफ गबन का केस दर्ज कराया है. इंदौर के दो हाई प्रोफाइल परिवारों का विवाद फिर से थाने तक पहुंच गया है.
मप्र के इंदौर में सेवानिवृत्त आयकर कमिश्नर की बेटी ने तलाक के दो साल बाद ससुर के खिलाफ गबन का केस दर्ज करवाया है. बहू का आरोप है कि पति से तलाक के बाद अमेरिका में अर्जित आय का तो आधा-आधा बंटवारा हो गया, लेकिन भारत में मिला स्त्रीधन अभी तक ससुर के पास ही है. लंबी जांच और कानूनी सलाह के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है.

यह था मामला
बसंत विहार कालोनी (पुष्परतन पटेल) में रहने वाली आकांक्षा जांभेकर की रायगढ़ (महाराष्ट्र) में रहने वाले अवधूत शेंडेय से 20 जनवरी 2017 को शादी हुई थी. दोनों मल्टीनेशनल कंपनी में अमेरिका में नौकरी करते हैं. आकांक्षा वहां समीट पाइंट स्क्रेनटन लेकवाना काउंटी पेनसिलवेनिया (यूएस) में रहती थी. शादी के पांच साल बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया. आकांक्षा और अवधूत ने काउंटी के दीवानी न्यायालय में परिवाद दायर कर 25 मार्च 2022 को आपसी सहमति से तलाक ले लिया.
एक साल तक आवेदन की जांच
तलाक के बाद आकांक्षा भारत आ गई और पिता के पास रहने लगी. उसने ससुर विजयकांत शेंडेय के विरुद्ध शिकायत दर्ज करवाई है. इसमें कहा है कि अमेरिकी कानून के मुताबिक तो कोर्ट में संपत्ति का बंटवारा हो गया, लेकिन भारत में मुझे मिला स्त्रीधन अभी तक ससुर के पास ही है. पुलिस ने एक साल तक आकांक्षा से मिले शिकायती पत्र की जांच की और कानून के जानकारों से सलाह लेकर विजयकांत के विरुद्ध हेराफेरी का प्रकरण दर्ज किया.
नहीं मिले आभूषण
आकांक्षा ने कहा कि शादी में परिजनों और रिश्तेदारों से सोने की चेन, मंगलसूत्र, पेंडल, चूड़ियां, कड़े, पाटले, हीरे का हार व अंगूठी, हीरे के टॉप्स, हीरे लगी कान की लटकन, सोने की नथ सहित करीब 170 ग्राम के आभूषण आदि सामान मिले थे. आकांक्षा ने कहा कि इन आभूषणों को विदेश ले जाती, तो कस्टम ड्यूटी और पासपोर्ट में एंट्री करवानी पड़ती. इसलिए सभी सामान ससुर के सुपुर्द कर दिया था, जो उसे आज तक नहीं मिला ही नहीं है.

Facebook Conversations