आवारा कुत्ते ने 13 लोगों को काटा, तीन की हालत गंभीर, नगर में डर का माहौल
त्वरित खबरें :- नेहा साहू रिपोर्टिंग

बालोद। जिले के डौंडीलोहारा नगर में एक आवारा कुत्ते के आतंक से लोगों में दहशत का माहौल है। कुत्ते ने नगर के अलग-अलग इलाकों में अचानक हमला कर 13 लोगों को काटकर घायल कर दिया। घायलों में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं। किसी के हाथ तो किसी के पैर पर कुत्ते ने काटा है। घटना के बाद लोगों में डर बढ़ गया है और वे घर से बाहर निकलते समय सतर्कता बरत रहे हैं।

अचानक लोगों पर टूट पड़ा आवारा कुत्ता

जानकारी के मुताबिक, डौंडीलोहारा नगर के अलग-अलग स्थानों पर एक आवारा कुत्ते ने लोगों को अचानक अपना निशाना बनाया। कुत्ते के हमले में घायल सभी लोगों को तत्काल डौंडीलोहारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

बताया जा रहा है कि घायलों में से तीन लोगों की हालत गंभीर है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार किया जा रहा है।

इन तीन लोगों की हालत गंभीर

कुत्ते के हमले में टिकरापारा निवासी 60 वर्षीय भगवती यादव घायल हुई हैं। वह किराना दुकान में काम करने के बाद वापस घर लौट रही थीं, तभी आवारा कुत्ते ने उन पर हमला कर दिया।

इसी तरह शशिकला संजय नगर स्थित शिव मंदिर में पूजा करने जा रही थीं। इसी दौरान कुत्ते ने उनके हाथ और पैर में काट लिया।

वहीं 60 वर्षीय मानो बाई चिल्हाटीकला गांव से बैंक के काम से डौंडीलोहारा आई थीं। इस दौरान आवारा कुत्ते ने उन्हें भी अपना शिकार बना लिया।

इन तीनों घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज चिकित्सकों की निगरानी में जारी है।

घटना के बाद लोगों में दहशत

एक ही दिन में बड़ी संख्या में लोगों के कुत्ते के काटने की घटना से नगर में आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोग बच्चों और बुजुर्गों को अकेले बाहर भेजने से भी बच रहे हैं।

आवारा कुत्तों को पकड़ने की मांग

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से आवारा कुत्तों को पकड़ने और आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा हो सकती हैं।

फिलहाल कुत्ते के हमले में घायल सभी 13 लोगों का डौंडीलोहारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार जारी है।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations