कवर्धा : सावन के पवित्र महीने का आज पहला सोमवार है. प्रदेशभर में शिव मंदिरों में शिव के जयकारे गूंज रहे हैं. सावन के पहले सोमवार के मौके पर आज कवर्धा के बूढ़ा महादेव मंदिर से भोरमदेव मंदिर तक विशाल पदयात्रा का आयोजन किया गया. धार्मिक आयोजन में डिप्टी सीएम विजय शर्मा और बीजेपी सांसद संतोष पांडेय सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए. सभी ने बाबा महादेव से छत्तीसगढ़ में सुख और शांति की कामना की.सावन का पहला सोमवार आज : हर साल की तरह इस वर्ष भी कवर्धा के प्राचीन बूढ़ा महादेव मंदिर से भोरमदेव मंदिर तक 18 किलोमीटर की लंबी पदयात्रा का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, सांसद संतोष पांडेय समेत हजारों भक्त भजनों पर झूमते गाते महादेव के दर पर पहुंचे. धार्मिक कार्यक्रम की शुरुआत बूढ़ा महादेव मंदिर में पूजा अर्चना कर कांवड़ यात्रा निकाली गई. कांवड़ यात्रा जब शुरु हुई तो हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से पूरा शहर गूंज उठा.सावन का महीना भगवान शिव आराधना का महीना होता है: इस साल सावन के महीने की शुरुआत आज यानि 11 जुलाई से हो चुकी है. 9 अगस्त तक सावन का महीना रहेगा. मान्यता है कि सावन के महीने में शिवजी की पूजा करने से शिव जल्दी प्रसन्न होते हैं और सारी मनोकामनाएं पूरी करते हैं.सावन सोमवार और उसका महत्व: धार्मिक ग्रंथों के मुताबिक श्रावण के महीने में भगवान शिव की विशेष पूजा से भक्तों के दुख दूर हो जाते हैं. साथ ही वे मोक्ष की प्राप्ति के योग बनते हैं. यह माह भगवान शिव के प्रिय मौसम के रूप में भी जाना जाता है. मान्यता है कि इस दौरान शिव भक्तों की पूजा और तपस्या से भगवान शिव प्रसन्न होते हैं. ऐसे तो प्रत्येक सोमवार को भगवान शिव की पूजा विशेष रूप से की जाती है. सावन में शिव भक्ति का अनोखा लाभ भक्तों को मिलता है. कहा जाता है कि सावन सोमवार को भगवान शिव विशेष रूप से भक्तों की इच्छा को पूर्ण करते हैं. हर साल सावन के महीने में चार सोमवार होते हैं, जिनमें विशेष पूजा, व्रत और शिवजी के मंत्रों का जाप किया जाता है.

Facebook Conversations