15 अक्टुबर 2022
मध्यप्रदेश के खरगोन जिले में खनिज विभाग की टीम ने शुक्रवार को एक बड़ी कार्रवाई की है। नर्मदा नदी से सटे गांव रावेडखेडी में अवैध उत्खनन की शिकायत मिल रही थी। जिसके बाद खनिज विभाग की टीम ने नाव पर सवार होकर दबिश देने पहुंची और मौके से 6 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए है। वहीं अवैध रेत माफिया 2 ट्रैक्टर को लेकर फरार हो गये।
खनिज अधिकारी सावन सिंह चौहान की अगुवाई में टीम ने ग्रामीण बनकर पहले मोटर साइकिल से नर्मदा किनारे पहुंची फिर नाव पर सवार होकर मौके पर पहुंची। इस दौरान नाव के सहारे रेत निकालकर रेत से भरे टैक्टर ट्राली को धरदबोचा। इस दौरान खनिज माफियाओं ने दो ट्रैक्टर लेकर भाग गए।
बता दें कि खरगोन जिला कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम के निर्देश में खनिज राजस्व विभाग ने पुलिस के सहयोग से अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भण्डारण की धरपकड़ को लेकर अभियान चला रखा है। आमजन की लगातार शिकायत और सीएम हेल्पलाइन में शिकायत के बाद कलेक्टर के निर्देश पर खनिज टीम ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।
उल्लेखनीय है कि खनिज माफिया नर्मदा किनारे रैकी करके रेत का उत्खनन करते हैं। प्रशासनिक कार्रवाई की सूचना तुंरत मिल जाती है, लेकिन आज खनिज माफिया गच्चा खा गये। टैक्टर पकड़ने के दौरान ग्रामीणों ने खनिज अधिकारी से जमकर की बहस भी की, लेकिन खनिज अधिकारी सावन सिंह चौहान ने उनकी एक भी ना सुनी। वहीं 6 ट्रैक्टरों को खनिज विभाग ने बैडिया थाने में पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है।
खनिज अधिकारी सावन सिंह चौहान ने बताया की 6 ट्रैक्टर जब्त किये, जबकि 2 ट्रैक्टर लेकर उत्खनन माफिया फरार हो गये है। उन्होंने कहा कि अवैध रेत उत्खनन पर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।