राजनांदगांव। कृष्णा पब्लिक स्कूल में 17 और 18 अक्टूबर 2026 को आयोजित 48वीं राज्यस्तरीय जूनियर बालिका हैंडबॉल प्रतियोगिता का समापन हुआ। प्रतियोगिता में दुर्ग जिले की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि मेजबान राजनांदगांव की टीम उपविजेता रही। रायपुर की टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
हैंडबॉल संघ जिला राजनांदगांव के तत्वावधान में आयोजित इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के 12 जिलों की लगभग 144 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। सभी टीमों ने अपने खेल कौशल और खेल भावना का प्रदर्शन किया।
17 अक्टूबर को प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। इसमें कृष्णा एजुकेशन सोसाइटी एवं कृष्णा ग्रुप ऑफ एजुकेशन के उपाध्यक्ष आनंद त्रिपाठी, एकेडमी डायरेक्टर आर.एस. पाण्डेय, कृष्णा पब्लिक स्कूल के प्रिंसिपल एवं डायरेक्टर धनंजय सिंह और हैंडबॉल एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ के सचिव प्रिंस मिश्रा सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों को अनुशासन, नियमित अभ्यास और खेल भावना का महत्व बताया।
ट्रॉफी और मेडल देकर खिलाड़ियों को किया सम्मानित
18 अक्टूबर को आयोजित समापन समारोह में विजेता दुर्ग, उपविजेता राजनांदगांव और तीसरे स्थान पर रही रायपुर की टीम को ट्रॉफी एवं मेडल प्रदान किए गए। इस दौरान विभिन्न जिलों के हैंडबॉल संघों के पदाधिकारी और खेल प्रतिनिधि मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि राजनांदगांव की टीम पिछले वर्ष प्रतियोगिता की विजेता रही थी। इस बार भी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया।
हैंडबॉल संघ जिला राजनांदगांव के सचिव औमान नारायण तम्बोली ने सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, पदाधिकारियों और आयोजन में सहयोग देने वालों का आभार जताया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में कृष्णा पब्लिक स्कूल प्रबंधन और जिला हैंडबॉल संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस आयोजन से बालिका खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और राज्य में हैंडबॉल को बढ़ावा देने का अवसर मिला।