14 अक्टुबर 2022
रायपुर। सुनने में अजीब जरूर लग रहा होगा. इस महंगाई में जहां पटाखे की एक लड़ी 70 से लेकर 500 रुपए में आ रही है, उसमें भी धमाकेदार आवाज की कोई गारंटी नहीं होती. ऐसे में एक ऐसा पटाखा, पटाखा नहीं तोप कहें. कार्बाइड कैनन लोगों को खूब लुभा रहा है.
इस कार्बाइड कैनन का कुछ युवक चौक-चौराहे पर डेमो देकर बिक्री कर रहे हैं. ऐसे ही एक युवक किशन लाल ने चर्चा में बताया कि प्लास्टिक पाइपों से बनी तोप के अंदर फलों को पकाने वाला कैल्शियम कार्बाइड पत्थर के छोटे तीन टुकड़ों का उपयोग किया जाता है. पत्थर पर पानी की बूंद पड़ते ही उसमें गैस बनने लगती है. इसके बाद एक बटन प्रेस करते ही सुतली बम जितनी आवाज आती है. इसे बाजार में 200-300 रुपए में बचे रहे हैं.
इन दिनों सोशल मीडिया में इस गन के अनेक वीडियो बने हुए. किशन ने बताया किसी ने हमारा मोबाइल नंबर भी उसमें बोल दिया. तो यहां-तहां से सैकड़ों लोगों के फोन आते हैं. लेकिन हम उन्हें यहीं आकर ले जाने की बोल देते हैं. क्योंकि हमें पता ही नहीं है ऑनलाइन ऑर्डर उन तक कैसे पहुंचा. लेकिन वे बिक्री से पहले लोगों को संभलकर इस्तेमाल करने के लिए आगाह भी करते हैं.
बच्चों के लिए है घातक
जानकार बताते हैं कि भले ही यह इस्तेमाल में सस्ती हो, लेकिन इस संभलकर चलाना जरूरी है. इससे धमाके के साथ हल्का धुआं निकलता है, जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है. नेत्र चिकित्सक के अनुसार कार्बाइट का धुआं काफी खतरनाक है. आंखों में जाने से बच्चों के कार्निया को नुकसान पहुंचा सकता है.