5 अक्टुबर 2022
ठियोग के सैंज में 6 वर्ष पूर्व बने आदर्श जमा दो स्कूल के भवन का निर्माण न होने से गुस्साए लोगों ने मंगलवार को सैंज में दो घंटे तक सड़क पर बैठ चक्का जाम किया। लोकनिर्माण विभाग कार्यप्रणाली से नाराज विद्यार्थियों के अभिभावक, स्थानीय युवक मंडल और आदर्श विद्यालय सैंज के अभिभावकों ने सैंज बाजार में धरना दिया।
इस कारण छैला से चौपाल और सिरमौर की ओर जाने और आने वाहनों की लंबी कतारें दोनों ओर लग गई। स्थानीय लोग पिछले छह सालों से लटके सैंज आदर्श विद्यालय स्कूल के नए भवन के निर्माण कार्य को जल्द शुरू करवाने की मांग कर रहे थे।
स्थानीय विधायक राकेश सिंघा और एसडीएम ठियोग सौरभ जस्सल के समझाने के बाद ग्रामीण चक्काजाम खोलने के लिए राजी हो गए। विधायक की ओर से लोकनिर्माण विभाग के अधिकारियों से बातचीत करने के बाद आदर्श विधालय के निर्माण कार्य के लिए 7 अक्टूबर तक टेंडर लगवाने के आश्वासन के बाद ग्रामीणों शांत हुए।
नाराज लोगों से बात करते विधायक राकेश सिंघा।
इस आदर्श विधालय का शिलान्यास पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत वीरभद्र सिंह द्वारा 2016 में किया गया था। उस समय स्कूल भवन के निर्माण के लिए 9 करोड़ की लागत का अनुमान लगाया गया था और 1 करोड़ 47 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई थी। भवन के निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग को 64 लाख की राशि जमा करवा दी गई थी। लेकिन 6 वर्ष बीत जाने के बाद भी स्कूल का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि आदर्श विद्यालय बनवाने के लिए सरकार व विभाग कोई कदम नहीं उठाना चाहता है। ग्रामीणों ने 8 अक्टूबर तक टेंडर न लगाने की स्थिति में धरना प्रदर्शन और तेज करने व अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठने की चेतवानी दी गई है।
आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल सैंज में 14 कमरों में छटी कक्षा से बारहवीं कक्षा के 276 विद्यार्थी पढ़ रहे हैं। इसमें जमा एक और दो कक्षाओं की कला, वाणिज्य और विज्ञान संकाय के विद्यार्थी शामिल हैं। स्कूल में विद्यार्थियों के लिए कोई प्रयोगशाला नहीं हैं। कमरों और साधनों की कमी झेल रहे सैकड़ों विद्यार्थी जल्द नए भवन बनने का इन्तजार कर रहे हैं।