5 अक्टुबर 2022
तीन साल बाद पूरे उत्साह के साथ दशहरे का पर्व मनाया जाएगा। पर्व को लेकर समितियों ने व्यापक तैयारी की है। शहर में पांच जगह पर बड़े स्तर पर रावण दहन का कार्यक्रम होगा। वहीं दशहरे की रात सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी। रावण दहन और सांस्कृतिक आयोजनों को देखने बड़ी संख्या में शहर से लेकर ग्रामीण इलाके से लोग पहुंचते हैं। शाम को पुलिस ने पार्किंग को लेकर स्थल तय किए हैं। वहीं भारी वाहनों पर शाम चार बजे से प्रतिबंध लगा दिया जाएगा।
मुख्य आयोजन स्थल पर पहुंचने वाले लोगों के लिए समितियों ने ही पार्किंग की जगह तय की है। अब तक यह जिम्मेदारी पुलिस निभाती थी। लेकिन इस बार आयोजन समितियां ही लोगों को पार्किंग स्थल से लेकर रुट की जानकारी दे रही है। शहर में स्टेट स्कूल मैदान, म्युनिसिपल स्कूल मैदान, कमला कॉलेज मैदान, गौरी नगर और लखोली में रावण दहन का आयोजन होगा। इस बार कोरोना को लेकर प्रतिबंध भी नहीं है। आज बड़ी गाड़ियों का डायवर्सन सीआईटी बायपास, ट्रांसपोर्ट नगर, गठुला एवं बसंतपुर तिराहा से डायवर्सन की व्यवस्था एवं फ्लाई ओवर भाजपा कार्यालय व 18 एकड़ फ्लाईओवर से वाहनों का प्रवेश शाम 4 बजे से रावण दहन तक प्रतिबंधित रहेगा।
शहर में इन स्थानों पर होगी पार्किंग की पूरी व्यवस्था
म्युनिसिपल स्कूल मैदान, स्टेट स्कूल मैदान एवं कमला कॉलेज मैदान में शहर के मध्य में रावण दहन का कार्यक्रम है। म्युनिसिपल स्कूल कार्यक्रम के लिए म्यूनिसिपल स्कूल के सामने फ्लाई ओवर के नीचे, इमाम चौक के पास फ्लाई ओवर के नीचे, गुरूनानक चौक के पास फ्लाई ओवर के नीचे एवं गुरुद्वारा के पास, पुराना अस्पताल, बूढ़ा तालाब के पास, शीतला मंदिर नया मार्ग के किनारे-किनारे किया जाएगा। स्टेट स्कूल कार्यक्रम के लिए दिग्विजय क्लब मैदान, सबेरा संकेत कार्यालय के तरफ से तहसील कार्यालय में बॉलीवाल मैदान के तरफ, लॉ कॉलेज मैदान में किया जाना है।
मंत्री या वीआईपी नहीं स्थानीय नेता ही रहेंगे
संस्कारधानी के दशहरा उत्सव में इस बार किसी वीआईपी के आने की संभावना कम ही है। हर साल दशहरा उत्सव में पूर्व सीएम डॉ.रमन सिंह शामिल होते रहें हैं। लेकिन स्वास्थ्यगत कारण से उनके आने पर संशय है। वहीं कांग्रेस से भी किसी मंत्री के पहुंचने का कोई प्रोटोकॉल जारी नहीं हुआ है। ऐसे में इस बार दशहरा उत्सव में स्थानीय नेता ही अतिथियों के रूप में मौजूद रहेंगे। रावण दहन के दौरान म्युनिसिपल स्कूल में पार्श्व गायक मधुर शर्मा की प्रस्तुति होगी। वहीं स्टेट स्कूल मैदान में लाइट एंड साउंड शो रोमांच पैदा करेगा।
शाम ढलने से पहले होगा देवी प्रतिमा का विसर्जन
इधर बुधवार सुबह से देवी प्रतिमाओं का विसर्जन भी शुरू होगा। इसके लिए नगर निगम ने मोहारा में कुंड तैयार किया है। जहां कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है। देवी प्रतिमाओं का विसर्जन भी निगम की टीम ही करेगी। शहर के पंडालों में विराजित प्रतिमाओं को विसर्जित करने के लिए शाम से पहले का वक्त तय किया गया है। सभी समितियों को शाम ढलने से पहले ही प्रतिमाओं का विसर्जन पूरा कर लेने के निर्देश दिए गए हैं। शाम 7 बजे गौरीनगर स्कूल मैदान में कौमी एकता दशहरा उत्सव समिति द्वारा 40 फीट के रावण का दहन होगा। इस अवसर पर भव्य आतिशबाजी के साथ सम्मान समारोह का भी आयोजन किया जाएगा।
कमला कॉलेज में सुमेधा कर्महे देंगी अपनी प्रस्तुति
राजा दिग्विजय दास विजयादशमी महोत्सव समिति द्वारा कमला कॉलेज मैदान में 25 फीट के रावण का दहन होगा। युवा आयोग अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार व रुबी गरचा ने बताया कि इस वर्ष आयोजन में राजनांदगांव की बेटी बॉलीवुड की पार्श्व गायिका सुमेधा कर्महे व मुंबई के अन्य कलाकार प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा उड़ीसा की भव्य आतिशबाजी होगी।
सर्व युवा संगठन लखोली द्वारा दशहरा महोत्सव का आयोजन लखोली स्थित स्कूल मैदान में होना है। शुभारंभ शाम 6 बजे छत्तीसगढ़ जय मां सरस्वती रामधुनी एवं भजन मंडली ग्राम दैहान (बांधाबाजार) के 40 कलाकारों द्वारा रंगारंग प्रस्तुति के माध्यम से किया जाएगा। रात 10 बजे 51 फीट रावण के पुतले का दहन होगा।
कमल विलास पैलेस सील, इस बार परंपरा पर ब्रेक
स्व. राजा देवव्रत सिंह के निधन के बाद इस बार दशहरे में शाही सवारी की परंपरा पर ब्रेक लग गया है। हर साल राजा की शाही सवारी नगर में निकलती थी, जिसके बाद रावण दहन किया जाता रहा है। लेकिन इस बार खैरागढ़ में शाही सवारी नहीं निकलेगी। स्व.सिंह की मौत के बाद दोनों पत्नियों के बीच हुए विवाद से कमल विलास पैलेस भी सील हो चुका है। इसी पैलेस में राजा के पूजन और दर्शन की प्रक्रिया पूरी होती रही है। इसी पैलेस से सालों से शाही सवारी दशहरे के दिन नगर भ्रमण करती थी।