राजनांदगांव 21 सितम्बर 2022।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर मद्यपान, अन्य मादक द्रव्यों, पदार्थो तथा नशीली दवाओं के दुरूपयोग की रोकथाम के लिए समुदाय में व्यापक जनमत विकसित करने के लिए 2 अक्टूबर से 8 अक्टूबर 2022 तक मद्य, नशा निषेध सप्ताह का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर नशामुक्ति प्रदर्शनी, रैली, गोष्ठी का आयोजन तथा नशामुक्ति पर केन्द्रित ब्रोशर, हैण्डबिल का वितरण किया जाएगा। अशासकीय कलामण्डली, सांस्कृतिक संगठन, विभागीय कलापथक दल के सांस्कृतिक कार्यक्रम, मद्य निषेध की प्रतिज्ञा एवं शपथ पत्र पर हस्ताक्षर कराना, स्थानीय दूरदर्शन, आकाशवाणी केन्द्रों से नशामुक्ति पर प्रेरक कार्यक्रमों का प्रसारण, स्थानीय समाचार पत्रों के माध्यम से नशापान के विरूद्ध आलेखों एवं अन्य प्रेरक समाचारों का प्रकाशन, महाविद्यालय एवं विद्यालयों में मद्यपान, नशापान के विरूद्ध विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। ग्राम स्तर पर नशा मुक्ति नारों का दीवार लेखन एवं अन्य प्रचार-प्रसार कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। योगाभ्यास विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में नशामुक्ति के लिए योग का आवश्यकतानुसार प्रदर्शन किया जा सकता है। कार्यक्रम का आयोजन भारत सरकार एवं राज्य शासन स्वास्थ्य विभाग द्वारा कोरोना वायरस (कोविड-19) के संक्रमण की रोकथाम के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए किया जाएगा।