19 सितंबर 2022
मध्यप्रदेश के उमरिया जिले के बांधवगढ टाइगर रिजर्व में एक बाघिन की मौत हो गई है. बाघिन का शव ताला पर्यटन जोन में घोड़ा डेमन गेट के पास मिला है. जिसकी उम्र करीब 11 साल बताई जा रही है. बाघिन की मौत वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद असल वजह सामने आ सकेगी.
दरअसल 18 सितंबर की शाम को बाघिन स्पॉटी ताला परिक्षेत्र के शेष शैया बीट के कक्ष क्रमांक RF325 के घोड़ा डेमन के पास लेटी दिखी. फिर उठकर कुछ दूर चली औऱ दोबारा लेट गई. शंका होने पर रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची, तो देखा कि पहले देखे गए स्थान से लगभग 30 मीटर की दूरी पर बाघिन स्पॉटी मृत पाई गई है.
जिसकी जानकारी क्षेत्र संचालक बांधवगढ़ ने राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण के अधिकारियों को दी. मृत बाघिन का पोस्टमार्टम कराया गया. जिसके बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया है. घटना स्थल की फोरेंसिक जांच भी की जाएगी. पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही बाघिन की मौत के कारणों का पता चल पाएगा. क्योंकि बाघिन के मौत की पुख्ता जानकारी प्रबंधन के पास नहीं है.
बता दें कि बांधवगढ़ टाईगर रिजर्व में 1 अक्टूबर से कोर ज़ोन में पर्यटन दोबारा शुरू होने जा रहा है. वन्यजीव प्रेमियों को भी बीते 2 माह से बंब पार्क के खुलने का बेसब्री से इंतजार था. लेकिन ताला कोर ज़ोन में पर्यटकों को इस बार बाघिन स्पॉटी (T41) के दीदार नहीं होंगे. 2012 में जन्मी बाघिन स्पॉटी बाघिन सूखी पटिहा T5 blue eyed male T13 की संतान थी. दाहिनी आंख के ऊपर T का निशान होने के कारण नाम Spotty दिया गया था.