भाजपा पिछड़ा वर्ग ने युवाओं को दी अग्निपथ योजना की जानकारी - शिव वर्मा

त्वरित खबरे :

30 जून 2022

राजनांदगांव । केन्द्र सरकार ने सेना में भर्ती के लिए एक नई योजना प्रारंभ की है । जिसे अग्निपथ योजना का नाम दिया गया है । इस योजना के तहत भर्ती होने वाले युवाओं को अग्निवीर के नाम से जाना जाएगा । इस संबंध में जिला भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिलाध्यक्ष व पार्षद दल के प्रवक्ता शिव वर्मा ने बताया कि आजाद भारत के इतिहास में सेना भर्ती में प्रथम बार इतना बड़ा परिवर्तन किया गया है । जिसमें 17.5 वर्ष की उम्र से लेकर 23 साल तक के युवाओं को सेना में 4 साल के लिए भर्ती किया जाएगा और सेवा समाप्त की स्थिति में उन्हें लगभग 11 लाख रुपए एकमुश्त प्रदान किए जाएंगे । इस योजना के लागू होने से बहुत से नवयुवकों को सेना के माध्यम से देश की सेवा करने का अवसर प्राप्त होगा । बहुत ही अध्ययन के बाद इस योजना को लागू किया गया है , लेकिन विरोधी दल इसका विरोध कर रही है । इस योजना को लेकर नकारात्मक बातें फैलाई जा रही है । इन सभी बातों को लेकर पिछड़ा वर्ग मोर्चा ने इस योजना की बारीकियों और इस योजना की खूबियों को युवाओं तक पहुंचाने के लिए कोचिंग संस्थान , जिम शाला , खेल मैदान में जा कर युवाओं को जानकारी दी और योजना के लाभ बताए ।