रायपुर। छत्तीसगढ़ के गौरवशाली राजसी इतिहास और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के लिए राज्य सरकार एक नई पहल करने जा रही है। राजधानी रायपुर में ‘रियासत वीथिका’ नाम से विशेष गैलरी स्थापित करने की योजना बनाई गई है। इसमें प्रदेश की 14 पूर्ववर्ती देसी रियासतों के इतिहास, शाही परंपराओं और दुर्लभ धरोहरों को एक ही छत के नीचे प्रदर्शित किया जाएगा।
प्रस्तावित गैलरी में राजदरबार की परंपराएं, शाही मुहरें, राजचिह्न, पारंपरिक वेशभूषा, तलवारें और अन्य अस्त्र-शस्त्र देखने को मिलेंगे। इसके अलावा प्राचीन सिक्के, ऐतिहासिक दस्तावेज, राजपरिवारों से जुड़े अभिलेख और अलग-अलग रियासतों के तीज-त्योहारों एवं रीति-रिवाजों की जानकारी भी प्रदर्शित की जाएगी।
राजपरिवारों से मांगे गए सुझाव
इस योजना को लेकर रायपुर स्थित उद्योग भवन में पर्यटन मंडल के सभाकक्ष में पूर्व राजपरिवारों के वंशजों और प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रस्तावित गैलरी की कार्ययोजना प्रस्तुत की और राजपरिवारों से सुझाव एवं सहयोग मांगा।
फिलहाल इन रियासतों से जुड़ी कई ऐतिहासिक वस्तुएं राजमहलों, निजी संग्रहों और स्थानीय संग्रहालयों में सुरक्षित हैं। इन्हें व्यवस्थित तरीके से संकलित और प्रदर्शित करने की तैयारी है। इसके लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त करने का प्रस्ताव भी है, जो राजपरिवारों से संपर्क कर ऐतिहासिक दस्तावेजों, मौखिक इतिहास और दुर्लभ वस्तुओं की जानकारी जुटाएगा।
पर्यटन को भी मिलेगा बढ़ावा
छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा के अनुसार, प्रदेश की पूर्ववर्ती रियासतों ने राज्य की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। सरकार ऐतिहासिक महलों को हेरिटेज पर्यटन सर्किट और होमस्टे के रूप में विकसित करने की दिशा में भी काम कर रही है।
रियासत वीथिका बनने से विद्यार्थियों, शोधार्थियों और पर्यटकों को छत्तीसगढ़ के राजसी अतीत को करीब से जानने का अवसर मिलेगा। साथ ही प्रदेश में ऐतिहासिक और विरासत पर्यटन को भी नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
यह पहल छत्तीसगढ़ की उन ऐतिहासिक धरोहरों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जो अब तक अलग-अलग स्थानों पर बिखरी हुई हैं।