बिलासपुर में पटाखा पैर के पास फटने पर दो गुटों में मारपीट, 4 आरोपी गिरफ्तार

त्वरित खबरें : पायल रिपोर्टिंग

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में दीपावली की रात पटाखा फोड़ने को लेकर दो गुटों के बीच विवाद हो गया। एक युवक के पैर के पास पटाखा फटने पर शुरू हुई कहासुनी मारपीट में बदल गई। दोनों पक्षों के युवकों के बीच जमकर लात-घूंसे चले। इस दौरान गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की गई।

न्यू रिवर व्यू में हुआ विवाद

मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के न्यू रिवर व्यू इलाके का है। बताया जा रहा है कि राज बैरागी अपने दोस्तों के साथ वहां से गुजर रहा था। इसी दौरान एक पटाखा उसके पैर के पास फट गया। इस बात को लेकर युवराज सोनकर और उसके साथियों से विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के युवक आपस में भिड़ गए।

चार आरोपी गिरफ्तार

घटना की शिकायत के बाद सिविल लाइन पुलिस ने कार्रवाई करते हुए धन्नू डांडे (28), सूरज कश्यप (19), साहिल यादव उर्फ मयंक (22) और अमित यादव (20) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।