डोंगरगढ़ रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के कोच में मिला अज्ञात युवक का शव, पहचान में जुटी जीआरपी पुलिस
डोंगरगढ़। रेलवे स्टेशन डोंगरगढ़ के प्लेटफॉर्म नंबर-02 पर शुक्रवार, 6 नवंबर 2026 को टाटा-इतवारी एक्सप्रेस ट्रेन के जनरल कोच में एक अज्ञात पुरुष का शव मिलने से रेलवे स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया।
जीआरपी थाना डोंगरगढ़ से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रेन के एस-5 कोच की सीट नंबर 60 (बर्थ नंबर 60) पर लगभग 35 से 40 वर्ष आयु के एक अज्ञात व्यक्ति का शव मृत अवस्था में मिला। सूचना मिलने पर जीआरपी पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए मर्ग क्रमांक 45/26, धारा 194 बीएनएसएस के तहत मामला दर्ज किया है।
मृतक का हुलिया साधारण शरीर, छोटे बाल, बढ़ी हुई दाढ़ी, सांवला रंग तथा लगभग 5 फीट 4 इंच लंबाई बताया गया है। मृतक ने हल्के नारंगी रंग की शर्ट और नीले रंग का लोअर पहन रखा था। उसके पास से कोई रेलवे टिकट, पहचान पत्र या अन्य सामान बरामद नहीं हुआ है।
पुलिस ने शव को शासकीय अस्पताल डोंगरगढ़ में रखवाया है, जहां परिजनों एवं वारिसानों की तलाश की जा रही है। जीआरपी पुलिस द्वारा मृतक की पहचान सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
यदि कोई व्यक्ति उक्त हुलिए के आधार पर मृतक की पहचान करता है, तो जीआरपी थाना डोंगरगढ़ से संपर्क कर पुलिस को सूचना दे सकता है।