बस्तर की 4 महिला समूहों को मिले मालवाहक और सवारी वाहन: सांसद महेश कश्यप ने सौंपी चाबियां...

त्वरित ख़बरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

बस्तर। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत बस्तर की ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में नई पहल की गई है। बकावंड विकासखंड के चार महिला क्लस्टर संगठनों को आजीविका ग्रामीण एक्सप्रेस योजना के अंतर्गत मालवाहक और सवारी वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। बुधवार को विकासखंड स्तरीय बस्तर ओलंपिक के भव्य आयोजन के दौरान आयोजित समारोह में क्षेत्रीय सांसद महेश कश्यप ने महिला समूहों की दीदियों को वाहनों की चाबियां सौंपीं।

इस अवसर पर सांसद महेश कश्यप ने कहा कि बिहान योजना से जुड़ी ग्रामीण महिलाएं अब केवल घरेलू कार्यों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि स्वरोजगार के माध्यम से आर्थिक गतिविधियों में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं का वाहन मालिक बनकर परिवहन व्यवसाय शुरू करना ग्रामीण अर्थव्यवस्था और महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

योजना के तहत बकावंड विकासखंड के बलिदान महिला क्लस्टर संगठन, रोशनी महिला क्लस्टर संगठन, तिरंगा महिला क्लस्टर संगठन और जागृति आजीविका महिला क्लस्टर संगठन को वाहन प्रदान किए गए हैं। इन वाहनों के संचालन की जिम्मेदारी संबंधित महिला समूहों द्वारा संभाली जाएगी।

गांवों में परिवहन सुविधा के साथ बढ़ेगी महिलाओं की आमदनी

आजीविका ग्रामीण एक्सप्रेस योजना का उद्देश्य दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में परिवहन सुविधाओं को बेहतर बनाना और महिला समूहों के लिए आजीविका के नए अवसर तैयार करना है। इन वाहनों के माध्यम से ग्रामीणों को गांवों से हाट-बाजार, विकासखंड और जिला मुख्यालय तक आने-जाने के लिए सुरक्षित, सुलभ और किफायती परिवहन सुविधा मिल सकेगी।

इसके साथ ही महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार स्थानीय उत्पादों, वनोपज और कृषि सामग्री को दूर-दराज के बाजारों तक पहुंचाना आसान होगा। इससे माल ढुलाई की सुविधा मिलने के साथ महिला क्लस्टर संगठनों को परिवहन व्यवसाय के जरिए नियमित आय अर्जित करने का अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम में ये जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

वाहन वितरण समारोह में जिला पंचायत सदस्य एवं खेल व युवा कल्याण सभापति बनवासी मौर्य, जनपद पंचायत अध्यक्ष सोनबारी भद्रे, जनपद उपाध्यक्ष तरुण पांडे, जनपद पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्वेता साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इसके अलावा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।