कुम्हारी में तेल टैंकर पलटने से रायपुर-दुर्ग मार्ग पर लगा जाम, क्रेन से हटाया गया टैंकर; यातायात बहाल

त्वरित खबर: पायल रिपोर्टिंग

दुर्ग जिले के कुम्हारी स्टेशन चौक ओवरब्रिज के पास तेल टैंकर पलटने से रायपुर-दुर्ग मार्ग पर भारी जाम लग गया। घटना के बाद सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

स्थिति को देखते हुए दुर्ग पुलिस ने रायपुर से दुर्ग आने वाले वाहन चालकों को कुम्हारी मार्ग के बजाय अमलेश्वर रोड का उपयोग करने की सलाह दी थी।

बाद में क्रेन की मदद से पलटे हुए टैंकर को राष्ट्रीय राजमार्ग से हटाकर किनारे किया गया। इसके बाद मार्ग पर यातायात दोबारा शुरू कर दिया गया। कुम्हारी थाना पुलिस और यातायात पुलिस के जवान मौके पर मौजूद रहे और यातायात व्यवस्था संभालते रहे।

पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।