रायपुर। दीपावली पर्व को देखते हुए रायपुर नगर निगम शहर में विशेष सफाई अभियान चलाने की तैयारी कर रहा है। नगर निगम स्वास्थ्य विभाग की अध्यक्ष गायत्री चंद्राकर ने अधिकारियों को राजधानी के प्रमुख मार्गों और बाजारों में साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं।
इसी क्रम में गायत्री चंद्राकर ने नगर निगम जोन क्रमांक 4 के अध्यक्ष मुरली शर्मा, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी रवि लावनिया, जोन स्वास्थ्य अधिकारी पूरन कुमार ताण्डी और स्वच्छता निरीक्षक गिरिजेश तिवारी की उपस्थिति में मालवीय मार्ग सहित बाजार के अन्य प्रमुख मार्गों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और दीपावली से पहले विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए।
अभियान का उद्देश्य त्योहार के दौरान शहर के प्रमुख बाजारों और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखना तथा नागरिकों को साफ-सुथरा वातावरण उपलब्ध कराना है। दीपावली के समय बाजारों में लोगों की आवाजाही बढ़ने के कारण सफाई व्यवस्था बनाए रखना महत्वपूर्ण हो जाता है।
नगर निगम स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को जनहित और जनस्वास्थ्य की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने के निर्देश दिए। इस पहल के तहत शहर के प्रमुख मार्गों और बाजार क्षेत्रों में स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की तैयारी है।