रायपुर। नगर निगम जोन क्रमांक 10 के अंतर्गत डॉ. राजेंद्र प्रसाद वार्ड क्रमांक 52 के अमलीडीह स्थित अपना गार्डन में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस अभियान में नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, जोन अध्यक्ष सचिन बी. मेघानी, पार्षद विनय निर्मलकर सहित निगम अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों ने श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया।
अभियान के दौरान गार्डन परिसर में झाड़ू लगाकर साफ-सफाई की गई। इसमें नगर निगम के अपर आयुक्त विनोद पाण्डेय, जोन कमिश्नर रुचि शर्मा, कार्यपालन अभियंता दिनेश सिन्हा, जोन स्वास्थ्य अधिकारी आदिव्य हजारी और सहायक राजस्व अधिकारी गौरीशंकर साहू सहित जोन के अधिकारी-कर्मचारी, सफाई कामगार, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक शामिल हुए।
इस पहल का उद्देश्य सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाए रखना और नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने सफाई अभियान में भाग लेकर लोगों को अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर अपना गार्डन परिसर में स्वच्छता लक्षित इकाई (CTU) विकसित करने की तैयारी भी शुरू की गई है। इसके तहत परिसर को स्वच्छ बनाए रखने और स्वच्छता गतिविधियों को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाने की दिशा में काम किया जाएगा।
नगर निगम जोन 10 के स्वास्थ्य विभाग की इस पहल से सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता और नागरिक सहभागिता को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।