गणेश विसर्जन पर बवाल, SIMS में मेडिकल छात्रों में झड़प, पंडाल को लेकर चले लाठी-डंडे, तालाब में मिला युवक का शव...

त्वरित ख़बरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

बिलासपुर। गणेशोत्सव के उत्साह के बीच बिलासपुर में शनिवार देर रात दो जगह जमकर हंगामा हो गया। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में विसर्जन और पंडाल लगाने को लेकर विवाद इतना बढ़ा कि लाठी-डंडे और पत्थर तक चल गए। वहीं रविवार सुबह तालाब में एक युवक की लाश मिलने से सनसनी फैल गई।

SIMS में डीजे पर भिड़े जूनियर-सीनियर

पहली घटना छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (CIMS) परिसर की है। यहां स्थापित गणेश प्रतिमा का अरपा नदी में विसर्जन करने के बाद मेडिकल छात्र लौटे थे। देर रात कैंपस में डीजे की धुन पर जश्न को लेकर दो गुटों में कहासुनी हो गई और देखते ही देखते झड़प की स्थिति बन गई।

सुरक्षा गार्डों ने बीच-बचाव की कोशिश की लेकिन छात्र नहीं माने। हंगामे की सूचना पर कॉलेज प्रबंधन और सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को कड़ी चेतावनी देकर मामला शांत कराया।

छोटी कोनी में पंडाल को लेकर दो पक्षों में खूनी झड़प

दूसरी घटना कोनी थाना क्षेत्र के छोटी कोनी की है। यहां गणेश पंडाल लगाने की जगह को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे और पथराव हुआ।

पुलिस के अनुसार विवाद सुकृता साहू और संतोषी नेताम, पूनम मरावी पक्ष के बीच हुआ। बताया जा रहा है कि 20 दिन पहले नगर निगम ने एक पक्ष का अतिक्रमण हटाया था। बदले में दूसरे पक्ष ने पहले पक्ष के घर के सामने ही पंडाल लगाकर आने-जाने का रास्ता बंद कर दिया, जिसके बाद विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

पटवारी तालाब में मिला अज्ञात युवक का शव

इधर सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मंगला वार्ड-13 के पटवारी तालाब में रविवार सुबह एक युवक का शव तैरता मिला। तालाब के पास मौजूद लोगों ने शव देखकर पुलिस को खबर दी।

सिविल लाइन पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। मृतक की उम्र करीब 25-30 साल बताई जा रही है, पहचान नहीं हो सकी है। प्रथम दृष्टया आशंका है कि गणेश या विश्वकर्मा विसर्जन के दौरान डूबने से मौत हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पीएम रिपोर्ट के बाद ही मौत की असली वजह साफ होगी।