बारिश को लेकर बड़ा अपडेट, 21 से 23 सितंबर तक कई इलाकों में भारी बारिश...

त्वरित ख़बरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

छत्तीसगढ़ | में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी है, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश और गरज-चमक के साथ वज्रपात की संभावना जताई गई है। 21 सितंबर से बारिश की गतिविधियों में और बढ़ोतरी होने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी के पूर्व-मध्य हिस्से और उससे लगे उत्तरी अंडमान सागर के ऊपर बना निम्न दबाव क्षेत्र लगातार सक्रिय है। इसके 21 सितंबर को अवदाब और 22 सितंबर को गहरे अवदाब में बदलने की संभावना है। इसके बाद यह पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए 23 सितंबर की सुबह उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा तट के पास पहुंच सकता है।

पिछले 24 घंटों में छिंदगढ़ में सर्वाधिक 7 सेमी बारिश दर्ज की गई। तोंगपाल और छोटेडोंगर में 6-6 सेमी, जबकि नांगर और सुकमा में 5-5 सेमी बारिश हुई। रायपुर शहर में भी 2 सेमी बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जताया है। अगले दो दिनों में अधिकांश हिस्सों में बारिश जारी रहने के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश, गरज-चमक और वज्रपात की संभावना है।

रायपुर का मौसम

रायपुर में 21 सितंबर को आंशिक रूप से बादल छाए रहने तथा एक-दो दौर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 33°C और न्यूनतम तापमान 25°C के आसपास रह सकता है।

अगले दो दिन रहेंगे अहम

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले दो दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं। भारी बारिश और वज्रपात की संभावना को देखते हुए खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। बारिश और बादलों के कारण कई इलाकों में दिन के तापमान में गिरावट भी देखने को मिल सकती है।

प्रमुख शहरों का तापमान

स्टेशनअधिकतमन्यूनतम
माना एयरपोर्ट32.4°C22.9°C
बिलासपुर33.2°C25.2°C
पेंड्रारोड31.4°C20.4°C
अंबिकापुर31.8°C22.5°C
जगदलपुर31.1°C21.6°C