दुर्ग में स्वाइन फ्लू की दस्तक तेज, 5 सितंबर को मिले 7 नए मरीज; एक महीने में 33 केस

त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

दुर्ग ,जिले में स्वाइन फ्लू यानी Influenza A/H1N1 के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। 5 सितंबर को एक ही दिन में 7 नए पॉजिटिव मरीज सामने आए हैं। इसके साथ ही पिछले एक महीने में जिले में स्वाइन फ्लू के कुल 33 मामले सामने आ चुके हैं।

स्वास्थ्य विभाग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, फिलहाल जिले में 16 एक्टिव मरीज हैं। इनमें 9 मरीज अस्पतालों में भर्ती होकर इलाज करा रहे हैं, जबकि 7 मरीज होम आइसोलेशन में स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में हैं। राहत की बात यह है कि सभी एक्टिव मरीजों की हालत फिलहाल सामान्य बताई गई है।

5 अगस्त से 5 सितंबर 2026 के बीच सामने आए 33 मामलों में से अब तक 17 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। नए मामलों के बाद स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी और कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग तेज कर दी है।

लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए लोगों से सर्दी, खांसी, बुखार, गले में खराश या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण होने पर लापरवाही न बरतने और समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की जा रही है।