दुर्गा पंडाल की दान पेटी और टावर से कॉपर वायर चोरी, 3 आरोपी गिरफ्तार

त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

दुर्ग। पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में दुर्गा पंडाल की दान पेटी से रकम और शकुन टावर के एसी का कॉपर वायर चोरी करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में तीन वयस्क आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो विधि से संघर्षरत बालकों को बाल न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।

पुलिस के अनुसार, अटल परिसर, वसुंधरा नगर निवासी नितिश दुबे ने शिकायत दर्ज कराई थी कि शकुन टावर स्थित उनके जिम के एसी का कॉपर वायर भवन के पीछे से चोरी हो गया है। मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 591/2026 दर्ज कर जांच शुरू की।

विवेचना के दौरान संदेहियों से पूछताछ की गई, जिसमें चोरी की घटनाओं में उनकी संलिप्तता सामने आई। आरोपियों ने बजरंग पारा स्थित दुर्गा पंडाल की दान पेटी से रकम चोरी कर आपस में बांटने की बात भी स्वीकार की। वहीं, शकुन टावर से चोरी किए गए कॉपर वायर को बोरी में भरकर रेलवे लाइन के पास छिपाकर रखा गया था।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब 2 किलोग्राम कॉपर वायर और 1,200 रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले में अपराध क्रमांक 591/2026 और 592/2026 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।

कार्रवाई में राजू चेलक (21 वर्ष) और आदित्य नायक (19 वर्ष) सहित अन्य आरोपियों की संलिप्तता सामने आई है। पुलिस ने नागरिकों से धार्मिक स्थलों, दान पेटियों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा का ध्यान रखने तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।