रायपुर में दिवंगत पत्रकारों के नाम पर होंगी सड़कें, प्रेस क्लब ने महापौर को सौंपा प्रस्ताव

त्वरित ख़बरें - रायपुर ब्यूरों प्रमुख प्रिया शर्मा

रायपुर। पत्रकारिता और समाज सेवा में उल्लेखनीय योगदान देने वाले दिवंगत पत्रकारों को सम्मान देने के लिए रायपुर प्रेस क्लब ने पहल की है। प्रेस क्लब के प्रतिनिधिमंडल ने महापौर मीनल चौबे को ज्ञापन सौंपकर नगर निगम क्षेत्र की सड़कों, चौक-चौराहों, तिराहों और गलियों का नामकरण दिवंगत पत्रकारों के नाम पर करने का प्रस्ताव दिया है।

प्रेस क्लब की कार्यकारिणी के निर्णय के अनुसार, प्रथम चरण में 26 दिवंगत पत्रकारों के नाम प्रस्तावित किए गए हैं। प्रस्ताव है कि उनके निवास स्थलों के आसपास स्थित प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थानों का नामकरण उनके नाम पर किया जाए। प्रेस क्लब ने महापौर से इस प्रस्ताव को एमआईसी (महापौर परिषद) में पारित कराने और इसके बाद सामान्य सभा से अनुमोदन की प्रक्रिया पूरी करने का आग्रह किया है।

प्रस्तावित नामों में स्व. विष्णु सिन्हा, स्व. अनल शुक्ला, स्व. रम्मू श्रीवास्तव, स्व. सत्येंद्र गुमास्ता, स्व. बसंत तिवारी, स्व. अश्विनी शर्मा, स्व. सुरेश तिवारी, स्व. कुमार साहू, स्व. कमल ठाकुर, स्व. गोपाल वोरा, स्व. एम.ए. जोसेफ, स्व. बसंत दीवान, स्व. कुलदीप निगम, स्व. देवेंद्र कर, स्व. विनय शर्मा, स्व. योगेश यदु, स्व. ठाकुर दिगंबर सिंह, स्व. विद्या शंकर शुक्ल, स्व. के.के. सिंह, स्व. जगदीश यादव, स्व. संजीत त्रिपाठी, स्व. भूपेंद्र टिकरिहा, स्व. नईम शिरो, स्व. आबिद अली, स्व. रमेश अवस्थी, सुखनंदन बंजारे और विकल्प शुक्ला शामिल हैं।

प्रेस क्लब का कहना है कि पत्रकार समाज की समस्याओं को सामने लाने, जनहित के मुद्दों को उठाने और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सड़कों और चौक-चौराहों का नामकरण उनके योगदान को सम्मान देने के साथ ही नई पीढ़ी को पत्रकारिता और समाज सेवा के लिए प्रेरित करेगा।

इस अवसर पर प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी, महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू, भूपेश जांगड़े, वरिष्ठ पत्रकार प्रशांत शर्मा, रविंद्र ठेंगड़ी, राजेंद्र निगम, सत्येंद्र कर, शंकर चंद्राकर, जाकिर घुड़सेना, मनीष वोरा सहित अन्य पत्रकार मौजूद रहे।