दीपक नगर में निर्माण कार्य की खुली पोल: महापौर अलका बाघमार ने तुड़वाकर जांची नाली-पुलिया, सरिया की गड़बड़ी पर जताई नाराजगी...

त्वरित ख़बरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

दुर्ग। नगर पालिक निगम दुर्ग की महापौर अलका बाघमार ने नागरिकों से मिली शिकायत को गंभीरता से लेते हुए बुधवार को वार्ड क्रमांक 23 स्थित दीपक नगर का औचक निरीक्षण किया। महापौर बिना किसी पूर्व सूचना के मौके पर पहुंचीं और क्षेत्र में चल रहे नाली एवं पुलिया निर्माण कार्यों की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण सामग्री और कार्य की गुणवत्ता की बारीकी से जांच की।

नाली-पुलिया तोड़कर अंदर से जांच

निरीक्षण के दौरान महापौर ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता परखने के लिए मौके पर ही नाली और पुलिया के कुछ हिस्से को तोड़कर अंदर से जांच कराई। इस दौरान निर्माण में इस्तेमाल की जा रही सामग्री और तकनीकी मानकों का जायजा लिया गया।

जांच के दौरान सरिया के इस्तेमाल में भी गड़बड़ी सामने आई। महापौर के अनुसार, जहां 4 एमएम की सरिया लगाई जानी थी, वहां 8 एमएम की सरिया और जहां 8 एमएम की सरिया निर्धारित थी, वहां 4 एमएम की सरिया लगाए जाने की बात सामने आई। इस पर महापौर ने नाराजगी जताते हुए संबंधित ठेकेदार को सख्त हिदायत दी।

गुणवत्ता में कमी पर कार्रवाई के निर्देश

महापौर अलका बाघमार ने स्पष्ट किया कि नगर निगम क्षेत्र में होने वाले निर्माण कार्यों में निर्धारित तकनीकी मापदंडों और गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि नाली, पुलिया, सड़क सहित नागरिक सुविधाओं से जुड़े निर्माण कार्य सीधे आम जनता के हित से जुड़े होते हैं। ऐसे कार्यों में घटिया या निर्धारित मानकों से अलग सामग्री का उपयोग पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार की जिम्मेदारी तय करते हुए नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

शिकायत पर मौके पर पहुंचीं महापौर

महापौर ने कहा कि नागरिकों की शिकायतों का समाधान केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित नहीं होना चाहिए। शिकायत मिलने पर मौके पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति की जांच करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि नागरिकों के पैसों से होने वाले विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगर निगम क्षेत्र में चल रहे सभी विकास एवं निर्माण कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुसार ही पूरे हों।

लोक कर्म प्रभारी ने भी दिए निगरानी के संकेत

निरीक्षण के दौरान महापौर के साथ लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि महापौर के निर्देशानुसार निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की लगातार निगरानी की जा रही है। वार्डों में होने वाले विकास कार्यों का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर और टिकाऊ सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

उन्होंने कहा कि किसी भी निर्माण कार्य को लेकर गुणवत्ता संबंधी शिकायत सामने आने पर मौके पर जाकर जांच की जाएगी और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

महापौर के अचानक निरीक्षण से निगम क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर अधिकारियों और संबंधित एजेंसियों में भी गंभीरता का संदेश गया। महापौर ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल विकास कार्य कराना नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण, टिकाऊ और नागरिकों के लिए उपयोगी विकास कार्य सुनिश्चित करना है।