बालोद: एकलव्य आश्रम में 10वीं के छात्र ने लगाई फांसी, परिजनों ने लगाया रैगिंग का आरोप, कलेक्ट्रेट में हंगामा...

त्वरित ख़बरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

 बालोद: एकलव्य आश्रम में 10वीं के छात्र की फांसी से मौत, रैगिंग का आरोप, कलेक्ट्रेट में हंगामा

 बालोद। जिले के डौंडी विकासखंड स्थित एकलव्य आवासीय परिसर में 10वीं के छात्र विनय कुमार की आत्महत्या के मामले ने तूल पकड़ लिया है। परिजनों ने रैगिंग का आरोप लगाते हुए आज कलेक्ट्रेट पहुंचकर हंगामा किया।

 पीटी के बाद फंदे पर मिला शव

14 सितंबर की सुबह बच्चे पीटी करने गए थे। वापस लौटने पर विनय का शव कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला। बच्चों ने शिक्षकों को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और परिजनों ने मौके पर पहुंचकर शव उतारा।

 परिजनों ने लगाया रैगिंग का आरोप

परिजनों का आरोप है कि 9 सितंबर को सीनियर छात्रों ने विनय के साथ मारपीट की थी, जिसका सीसीटीवी फुटेज भी है। वार्डन और प्रिंसिपल ने इसे नजरअंदाज किया। प्रताड़ना से तंग आकर छात्र ने आत्महत्या की।

मामले में विधायक अनिला भेड़िया और विधायक कुंवर सिंह निषाद भी परिजनों के समर्थन में कलेक्ट्रेट के सामने धरने पर बैठे।

 कलेक्टर-एसपी ने दिया आश्वासन 

हंगामे के बाद कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा और एसपी किरण गंगाराम चौहान मौके पर पहुंचे। उन्होंने आश्वासन दिया कि हॉस्टल वार्डन को तत्काल हटाकर अटैच किया जाएगा और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई होगी।

 मोबाइल और नशे का भी आरोप

जांच में सामने आया है कि मृतक छात्र परिसर में मोबाइल रखता था और किसी महिला मित्र से बात करता था। परिजनों ने सवाल उठाया कि परिसर में मोबाइल की अनुमति कैसे मिली। साथ ही आरोप है कि परिसर में नशीले पदार्थों का भी सेवन होता है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।